जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली, एजेंसी। इजरायली और अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार दोपहर ईरान ने बहरीन स्थित अमेरिकी नेवल बेस पर हमला किया। इस दौरान बहरीन में सायरन की आवाजें सुनाई दीं। बहरीन प्रशासन की मानें तो अमेरिकी नेवी के पांचवें फ्लीट के हेडक्वार्टर को मिसाइल हमलों से निशाना बनाया गया है।

बता दें कि शनिवार को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर बड़ा हमला किया। राजधानी तेहरान के डाउनटाउन इलाके में ड्रोन स्ट्राइक कर 86 वर्षीय सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के आवासीय परिसर को निशाना बनाया गया। हालांकि, हमले में किसी जानमाल के नुकसान की खबर नहीं आई लेकिन ईरानी राजधानी से धुएं के गुबार उठते वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं।

गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि पिछले 47 वर्षों से ईरानी शासन अमेरिकी नागरिकों की मौत के लिए जिम्मेदार रहा है। उन्होंने कहा कि हिंसा का यह दौर खत्म होना चाहिए। ट्रंप ने ईरानी नागरिकों से अपील की कि वे अपने शासन पर नियंत्रण करें।
बताया तो यह भी जा रहा है कि यमन में ईरान समर्थित हूतियों ने इजरायल पर हमले फिर से शुरू करने की शपथ ली है। हालांकि, हूती नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई थी। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक वीडियो जारी किया। जिसमें उन्होंने कॉम्बैट ऑपरेशन शुरू करने का आदेश दिया।





