जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। ईरान के विदेश मंत्री की पाकिस्तान से सीधे रूस की यात्रा से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भड़क गए हैं। फाक्स न्यूज को दिए गए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने ईरान को धमकी दी है कि अगर तीन दिनों के अंदर समझौता नहीं हुआ तो ईरान तेल निर्यात करने के लिए लायक नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि ईरान की तेल पाइप लाइनों को ध्वस्त कर दिया जाएगा। होर्मुज पर अमेरिकी नाकाबंदी के बाद ईरान तेल निर्यात नहीं कर पा रहा है, अब जब अमेरिका ईरान की लाइप लाइनों को ध्वस्त करेगा तो ईरान तेल निर्यात करने के लायक ही नहीं बचेगा। ईरान के विदेश मंत्री की रूस यात्रा की पुष्टि रूसी मीडिया ने भी कर दी है।

बता दें कि ईरान के विदेश मंत्री अरागची पाकिस्तान पहुंचे थे। अमेरिका ने पाकिस्तान जाने से इंकार कर दिया था। इसलिए दोनों देशों के बीच कोई भी वार्ता नहीं हो सकी। इसके बाद ईरानी विदेश मंत्री रूस और ओमान यात्रा पर निकल गए। हालांकि, रूस यात्रा के बाद अरागची पुन: पाकिस्तान आए। उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी टीम को पाकिस्तान भेजने से इनकार कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि अब जो भी वार्ता होगी फोन पर होगी। उनकी टीम पाकिस्तान नहीं जाएगी।

वहीं ईरान ने शांति वार्ता के लिए एक प्रस्ताव भेजा था जिसे अमेरिका ने सिरे से खारिज कर दिया था। इसके बाद ईरान ने दूसरा प्रस्ताव भेजा जो पहले के मुकाबले ठीक था। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इस पर वार्ता की जा सकती है, लेकिन अब जो भी वार्ता होगी सिर्फ फोन पर होगी। ईरान की मानें तो उसका कहना है कि अब जो भी वार्ता होगी वह मास्को में होगी।





