अमेरिका ने बढ़ाई रूसी तेल खरीद पर छूट, भारत सहित कई देशों को होगा फायदा

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे संघर्ष से दुनियाभर में तेल संकट गहराता जा रहा है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने के चलते तेल और एलपीजी के जहाज जहां के तहां रुके हुए हैं। यदाकदा आ भी रहे हैं तो भारत जैसे दुनिया के सबसे बड़ी वाले देश के लिए झुनझुना साबित हो रहे हैं। हालांकि, तेल संकट को देखते हुए अमेरिका ने रूसी तेल खरीदने के लिए एक बार फिर से छूट देने का ऐलान कर दिया है। भारत को भी इसका फायदा मिल सकता है। इससे पहले अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने रूसी तेल की खरीद के लिए 30 दिनों के लिए अस्थायी रूप से छूट दी थी।


बता दें कि अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि छूट सिर्फउन रूसी तेल कार्गो पर ही लागू होगी जो पहले से ही जहाजों पर लोड हो चुके हैं और समुद्र में खड़े हैं। उन्होंने कहा कि इसके तहत रूस के साथ कोई नया तेल सौदा या नए एक्सपोर्ट की इजाजत नहीं होगी।


बेसेंट ने कहा कि इस कदम का एक उद्देश्य यह भी है कि चीन संकट का फायदा उठाकर रूस से भारी डिस्काउंट पर तेल का स्टॉक न जमा कर सके और यह तेल उन देशों तक पहुंचे जिन्हें तुरंत ऊर्जा की जरूरत है।
ज्ञात हो कि भारत अपनी जरूरत का 85 प्रतिशत से अधिक कच्चा तेल आयात करता है। अमेरिका और ईरान के बीच बीते फरवरी माह से चल रहे युद्ध के बाद से सप्लाई चेन बाधित चल रही है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज तेल आपूर्ति के लिए मुख्य मार्ग है। वर्तमान में होर्मुज पूरी तरह से बंद है। इसलिए तेल और एलपीजी का संकट पैदा हो गया है।