दामिनी एवं सचेत ऐप तुरंत करें डाउनलोड, पूर्व में ही मिल जाएगी मौसम की सटीक जानकारी 

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने पूर्वानुमान हेतु विकसित ‘दामिनी ऐप’ एवं ‘सचेत ऐप’ को अपने मोबाइल में डाउनलोड करने की एडवाइजरी जारी की है। इस एप के माध्यम से आंधी, तूफान, आकाशीय बिजली एवं वज्रपात की पूर्व सूचना समय से मिल सकेगी। मौसम विभाग का कहना है कि समय रहते चेतावनी मिलने पर लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचकर स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रख सकते हैं।


मौसम विभाग ने चेताया है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे, मोबाइल टावरों तथा ऊंचे भवनों के पास शरण न लें। बच्चों को खुले में न खेलने दें तथा लोहे की खिड़कियों, दरवाजों, हैंडपंप एवं बिजली के उपकरणों को न छुएं। धातु से बने छाते का प्रयोग न करें तथा खुले वाहनों में यात्रा करने से बचें। वज्रपात के समय जमीन पर न लेटें तथा तालाब, नदी या तैराकी जैसी गतिविधियों से दूर रहें।


मौसम खराब होने पर तुरंत किसी पक्के भवन में शरण लें। यदि आसपास सुरक्षित स्थान उपलब्ध न हो तो दोनों कान बंद कर पैरों को सटाकर घुटनों के बल उकड़ू बैठ जाएं। घरों में विद्युत उपकरणों को प्लग से अलग कर दें तथा खेतों में कार्य कर रहे लोग तुरंत सुरक्षित एवं सूखे स्थान पर चले जाएं। हाईटेंशन तारों, बिजली के खंभों, पोखरों एवं कंटीले तारों से दूर रहें। ‘सचेत ऐप’ के माध्यम से मौसम संबंधी जानकारी, विभिन्न आपदाओं की एडवाइजरी एवं अलर्ट प्राप्त किए जा सकते हैं। जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि आईएमडी द्वारा जारी दैनिक पूर्वानुमान एवं मौसम अलर्ट के अनुसार आवश्यक सावधानी बरतें तथा सतर्क रहकर स्वयं एवं दूसरों को सुरक्षित रखने में सहयोग करें।