नौ लाख रुपये चोरी का आरोपी गिरफ्तार, 12 साल से नौकरी करने वाला ही निकला चोर

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने कार से चोरी हुए 9 लाख रुपये के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पैसों से भरा बैग उसके ही चालक ने चोरी किए थे जो 12 वर्षों से उनके यहां नौकरी कर रहा था। पुलिस ने नौ लाख रुपये सहित एक चाकू बरामद किया है। 

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर-20 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की मदद से चोरी की घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने नौ लाख रुपयों से भरा बैग चोरी के आरोप में कपिल पुत्र सत्यभान को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से नौ लाख रुपए और एक चाकू बरामद किया है। उन्होंने बताया कि 18 जुलाई को वादी ने थाना सेक्टर-20 पुलिस को सूचना दी थी कि वह अपने परिवार के साथ शॉपिंग करने नोएडा मॉल आए थे। तभी उनके चालक कपिल ने उनकी कार से पैसों से भरा बैग चोरी कर लिया। कपिल उनके यहां करीब 12 वर्षों से नौकरी करता था। उसने पुलिस को बताया कि अधिक पैसा देखकर उसके मन में लालच आ गया था इसलिए उसने चोरी की थी।