मिजार्पुर (उप्र), एजेंसी। मिजार्पुर जिले में बृहस्पतिवार तड़के टायर फटने के बाद एक ट्रक सड़क से उतरकर एक घर में घुस गया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। हादसा तड़के करीब तीन बजे अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन चौराहे के पास हुआ जब ट्रक वाराणसी से सोनभद्र जा रहा था। पुलिस के बयान के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली कि ट्रक के घर से टकराने के बाद मलबे में चार से पांच लोग फंसे हुए हैं। अहरौरा पुलिस के मौके पर पहुंचने के तुरंत बाद बचाव अभियान चलाया गया। पुलिस ने कहा कि तीन लोग मृत पाए गए, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। मृतकों की पहचान अहरौरा क्षेत्र के कुदारन गांव निवासी राजाराम (47), सुखिया (70) और चांद तारा (45) के रूप में हुई। पुलिस क्षेत्राधिकारी (चुनार) गायत्री यादव ने कहा कि घायलों को चुनार के चचेरी मोड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाद में उन्हें बेहतर उपचार के लिए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में रेफर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।
मिजार्पुर में टायर फटने के बाद ट्रक घर घुसा, तीन की मौत
16-Jul-2026





