जालौन में भीषण सड़क हादसा : खड़े ट्रक से टकराई, तेज रफ्तार एसयूवी छह लोगों की मौत

जनप्रवाद ब्यूरो, जालौन। यूपी के जालौन जिले के कालपी क्षेत्र में सोमवार सुबह छह बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर एक तेज रफ्तार एसयूवी एक खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे छह लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना उस वक्त हुई जब कानपुर की ओर से आ रही एसयूवी ने नियंत्रण खो दिया और सड़क के किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। सभी पीड़ित ललितपुर जिले के महरौनी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। चार घायलों को उरई के मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है। 
अयोध्या से लौट रहा थे लोग


मिली जानकारी के अनुसार, ललितपुर जनपद के महरौनी निवासी शशिकांत तिवारी अपने परिजनों के साथ अयोध्या दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी लोग कार से वापस लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब 6 बजे जैसे ही उनकी कार कालपी क्षेत्र के जोल्हुपुर मोड़ के पास पहुंची, चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सामने चल रहे वाहन से टकरा गया।
कार में सवार थे 10 लोग

कार में कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें शशिकांत तिवारी, कृष्णकांत, दीपक तिवारी, हरिमोहन तिवारी, भूषण तिवारी, अंशुल तिवारी, स्वामी प्रसाद तिवारी, मनोज और देशराज शामिल बताए जा रहे हैं। सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कालपी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौके पर ही 4 ने तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ घायल करीब एक घंटे तक कार के केबिन में फंसे रहे, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया।