रांची, एजेंसी। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विद्यार्थियों के आंदोलन के दौरान पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई के विरुद्ध मंगलवार को यहां विधानसभा की ओर मार्च कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि एबीवीपी के सदस्यों ने जैसे ही यहां पुराने विधानसभा क्षेत्र से अपना मार्च शुरू किया, उन्हें हिरासत में ले लिया गया। इस बीच, प्रदर्शनकारियों ने हिरासत में लिये गए कार्यकर्ताओं को ले जा रही बस को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, जिसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। मार्च के दौरान पुलिस ने कुछ महिला प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान एक लड़की सहित दो छात्र बेहोश हो गए। सुरक्षा अधिकारियों ने लड़की को पास के एक छायादार क्षेत्र में पहुंचाया, जहां साथी प्रदर्शनकारियों ने उसे पानी पिलाया। एबीवीपी ने छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई पर सरकार से जवाब मांगा। एबीवीपी कार्यकर्ता कुमार दिव्यांशु ने कहा कि सरकार युवाओं और विद्यार्थियों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के गुंडों ने हमें उस समय हिरासत में ले लिया, जब हम विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे।’’ हिरासत में लिये गए कार्यकर्ताओं को ले जा रही बस के आगे बैठे एक अन्य कार्यकर्ता तुषार ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना किसी कारण के हिरासत में लिया जा रहा है और मांग की कि उन्हें शांतिपूर्वक मार्च करने की अनुमति दी जाए। कई कार्यकर्ता पुलिस वाहन के आगे सड़क पर लेट गए, जबकि कुछ ऊपर चढ़ गए। एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा, ‘‘सरकार लाखों छात्रों की आवाज नहीं दबा सकती। हम परीक्षा में कथित अनियमितताओं की सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) जांच की मांग कर रहे हैं। हम उनके लिए आवाज उठा रहे हैं।’’एबीवीपी के विधानसभा मार्च में भाग लेने चतरा जिले से रांची आईं प्रीति कुमारी ने कहा, ‘‘हम सरकार से पूछना चाहते हैं कि परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक क्यों हो रहे हैं? हम सीबीआई जांच की मांग करते हैं। हम दिन-रात पढ़ाई करते हैं, ताकि हमें नौकरी मिल सके, लेकिन प्रश्नपत्र लीक हो जाते हैं; हमें पीटा जाता है। यह किस तरह का न्याय है?’’राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े छात्र संगठन ने सोमवार को छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में इस मार्च का आह्वान किया था। एबीवीपी के प्रदर्शनकारियों ने कहा था कि वे झारखंड विधानसभा का घेराव करेंगे।सोमवार को अभ्यर्थियों एवं छात्रों का आंदोलन और तेज हो गया जब उन्होंने झारखंड विधानसभा की ओर मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछारें छोड़ीं, आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) के कामकाज में व्यापक सुधारों तथा कई भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने की मांग को लेकर छात्र राज्य में 25 जुलाई से आंदोलन कर रहे हैं।
छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरुद्ध विधानसभा मार्च के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ता हिरासत में लिये गए
11-Aug-2026





