जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले नेताओं को आप सांसद संजय सिंह ने आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि पार्टी छोड़ने वाले सांसदों ने पार्टी की पीठ में छुरा घोंपा है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि इन सांसदों को पंजाब की जनता को हमेशा याद व रखना चाहिए। वहीं राघव चड्ढा का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें विधायक बनाया, सांसद बनाया, उन्हें क्या-क्या नहीं दिया। अब वे पार्टी को छोड़कर भाजपा की गोद में बैठने के लिए चले गए हैं। उन्होंने कहा कि संदीप पाठक को पार्टी ने राज्यसभा भेजा। इन सबको आम आदमी पार्टी और पंजाब की जनता ने काफी प्यार दिया। लेकिन, इन सभी ने पंजाब की जनता की पीठ में छुरा घोंपा है।

उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता इन लोगों को कभी माफ नहीं करेगी। यही नहीं उन्होंने भाजपा पर भी वार किया। उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह जो खेल-खेल रहे हैं उन्हें जनता कभी माफ नहीं करेगी। पंजाब की मान सरकार इतना अच्छा काम कर रही है, लेकिन उसके साथ ऑपरेशन लोटस चलाया जा रहा है।

बता दें कि कुछ बीते माह ही आप सांसद रहे राघव चड्ढा पर पार्टी राज्यसभा में बोलने के लिए समय नहीं दिए जाने का उपसभापति को पत्र लिखा था। इसके बाद से ही आप में सियासी घमासान चल रहा है। इसके बाद राज्यसभा सत्र के दौरान राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी पर जमकर कटाक्ष किया था। तभी से सियासत तेज है। अंतत: आज राघव चड्ढा ने इस्तीफा देकर आप को जोर का झटका दे दिया। सबसे बड़ी बात यह है कि वे अकेले नहीं बल्कि अपने साथ करीब सात सांसद लेकर गए। इसके बाद उन्होंने ऐलान कर दिया कि वे भाजपा में विलय करेंगे।





