तिगरी गंगा मेले में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा। अमरोहा के तिगरी गंगा धाम में लगने वाले ऐतिहासिक गंगा मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर होने वाले गंगा स्नान में 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी मेले में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अभी उनके दौरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध तिगरी गंगा धाम में लगने वाले ऐतिहासिक गंगा मेले में इस बार लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर होने वाले गंगा स्नान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अनुमान है कि इस बार 40 लाख से अधिक श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाने पहुंच सकते हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, यातायात सुचारू बनाए रखने, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, मेले में भीड़ नियंत्रण,पार्किंग और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तिगरी गंगा मेले में पहुंचने की संभावना को लेकर भी चर्चाएं हैं। हालांकि, अभी तक उनके कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में अब प्रशासन का पूरा ध्यान मेले की तैयारियों को समय से पूरा करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है।