चलते मैजिक वाहन में लगी आग, कुरकुरे से भरा वाहन जलकर क्षतिग्रस्त

जन प्रवाद, ब्यूरोद्ध 
अमरोहा। अमरोहा के डिडौली कोतवाली क्षेत्र में रविवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चौधरपुर फ्लाईओवर पर चलते मैजिक वाहन में अचानक आग लग गई। वाहन कुरकुरे से भरा हुआ था और जोया से बरेली की ओर जा रहा था। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

अमरोहा के डिडौली कोतवाली क्षेत्र के चौधरपुर फ्लाईओवर की है, जहां रविवार तड़के करीब चार बजे चलते मैजिक वाहन में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि मोहम्मद हसीब पुत्र कल्लू निवासी भीकनपुर मूढ़ा मैजिक वाहन में कुरकुरे भरकर जोया से बरेली जा रहा था। जैसे ही वाहन चौधरपुर फ्लाईओवर पर पहुंचा, उसमें अचानक आग लग गई। हालांकि, अभी तक आग लगने के कारण की पुष्टि नहीं हो पाई है। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और वाहन के साथ उसमें रखे कुरकुरे का सामान भी आग की चपेट में आ गया। राहगीरों ने घटना की सूचना दमकल विभाग को दी।


सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में मैजिक वाहन और उसमें रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।