जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। दिल्ली के रोहिणी स्थित मांगेराम क्षेत्र में देर रात एक प्लास्टिक के गोदाम में भीषण आग लग गई। इसकी सूचना देर रात दमकल विभाग को दी गई। सूचना पर मौके पर जब तक दमकल की गाड़ियां पहुंची तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। आग तेजी से फैलती हुई पास की झुग्गियों तक पहुंच गई। घटना करीब 1.30 बजे रात की बताई जा रही है।

उस समय लोग गहरी नींद में सो रहे थे। लोगों को सोचने और संभलने का मौका नहीं मिला। इस हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जिनमें एक पुरुष, एक महिला और करीब दो साल का एक मासूम बच्चा शामिल है। बताया जा रहा है कि तीनों जाल में जिंदा जलकर मर गए। मृतक परिवार कबाड़ बीनकर अपना गुजारा करता था। भीषण आग को देखते हुए दमकल की सात गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग सुबह करीब चार बजे बुझ सकी। तक तक आसपास की सभी झुग्गियां और वहां रखा सामान जल चुका था।





