जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर क्षेत्र के अंतर्गत खेड़ी भनौता गांव में गुटखा मांगने के मामूली विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने गोली मार दी। गोली उसके पेट को चीरती हुई बाहर निकल गई। सूचना मिलते ही उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार खेड़ी भनौता निवासी 42 वर्षीय उदय प्रताप पुत्र हरश्चिंद्र अपनी दुकान पर बैठा था। तभी पड़ोस के रहने वाले सुरेंद्र फौजी पुत्र राम सिंह आया और गुटखा मांगने लगा। इसी बात को लेकर दोनों में गाली-गलौज शुरू हो गई। तभी गुस्से में आकर सुरेन्द्र फौजी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उदय प्रताप पर फायर कर दिया। गोली उसके पेट के निचले हिस्से से लगते हुए बाहर निकल गई। सूचना पर तत्काल घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां सीटी स्कैन व अल्ट्रासाउंड से कोई भी बुलेट पेट के अंदर नहीं पाया गया।

जांच में आंतरिक पार्ट ठीक पाया गया। वर्तमान में स्थिति खतरे से बाहर है। घायल के परिजनों द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र फौजी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है। मौके पर शांति व्यवस्था स्थापित है। पुलिस अग्रिम आवश्यक कार्यवाही कर रही है।




