जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा। अमरोहा के रहरा कस्बे में रविवार को एक अनोखा मामला सामने आया। तेज बारिश से बचने के लिए एक आवारा सांड भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम केबिन में जा घुसा। एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे लोगों ने जब अंदर सांड को देखा तो उनके होश उड़ गए। लोग बाहर खड़े होकर सांड के निकलने का इंतजार करते रहे। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अमरोहा के रहरा कस्बे में रविवार को तेज बारिश के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आवारा सांड बारिश से बचने के लिए भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम केबिन में घुस गया। सांड काफी देर तक एटीएम के अंदर घूमता रहा और उत्पात मचाता रहा। इसी दौरान एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे लोगों ने जब अंदर सांड को देखा तो वह दंग रह गए। लोगों ने एटीएम केबिन में जाने के बजाय बाहर खड़े रहकर सांड के बाहर निकलने का इंतजार किया। वहीं, किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में सांड एटीएम के अंदर घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के बाद एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एटीएम केबिन में आवारा पशु का आसानी से प्रवेश कर जाना ग्राहकों की सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय है। लोगों ने बैंक प्रबंधन से एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है।





