गजरौला में भरभराकर गिरा छज्जा, मलबे में दबकर दो लोगों की मौत

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
अमरोहा। (कपिल चावला)
जनपद अमरोहा के गजरौला में लगातार हो रही बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। बारिश के दौरान एक दुकान का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। छज्जे के मलबे में दबकर दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और इलाके में मातम छा गया। 

गजरौला में सुबह से लगातार हो रही बारिश के बीच यह दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक दुकान का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। छज्जे के नीचे मौजूद दो लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव शुरू किया और दोनों को बाहर निकालकर गजरौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि छज्जा काफी समय से क्षतिग्रस्त था।

स्थानीय लोगों ने कई बार इसकी सूचना नगर पालिका और प्रशासन को दी थी, इसके बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार लगातार बारिश के बाद जर्जर छज्जा अचानक गिर गया, जिसमें दो लोग दब गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोनों को आनन-फानन में गजरौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजलि कटारिया और धनौरा एसडीएम शैलेश दुबे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मलबे से लोगों को बाहर निकलवाया। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस परिजनों की तहरीर और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।