सत्येंद्र जैन को गिरफ्तारी से गरमाई राजनीति, भाजपा और आप में घमासान तेज

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। आप नेता सत्येंद्र जैन को एंटी करप्शन ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया। पिछली सरकार के दौरान दिल्ली जल बोर्ड में कथित भ्रष्टाचार के मामले में एसीबी ने ये कार्रवाई की है। इस गिरफ्तारी को लेकर आप और भाजपा आमने-सामने आ गए हैं।
दिल्ली की राजनीति फिर गरमाई

आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। आम आदमी पार्टी नेता सत्येंद्र जैन को दिल्ली एंटी करप्शन ब्रांच ने दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट टेंडर घोटाले में गिरफ्तार किया है। बता दें कि सत्येंद्र जैन पर 1546 करोड़ के सीवेज प्लांट टेंडर में गड़बड़ी के संगीन आरोप लगे हैं। उन पर टेंडर की शर्तों में बदलाव कर एक खास कंपनी को फायदा पहुंचाया गया। इस मामले में जैन समेत छह लोग गिरफ्तार हुए हैं, जिनमें जल बोर्ड के पूर्व सीईओ उदित प्रकाश राय भी शामिल हैं। यह गिरफ्तारी दिल्ली एंटी करप्शन ब्रांच यानी एसीबी ने मंगलवार यानि 18 अगस्त को की है। बता दें कि यह उनके ईडी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जमानत पर बाहर आने के करीब 22 महीने बाद हुई है। सत्येंद्र जैन अक्टूबर 2024 में जमानत मिलने के बाद तिहाड़ जेल से बाहर आए थे। वे डिसप्रोपोर्शनेट एसेट्स से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में करीब 18 महीने तक बंद थे। 
टेंडर की शर्तों में जानबूझकर हेराफेरी 

एसीबी की प्रेस रिलीज के अनुसार यह नया मामला 11 मई 2024 को दर्ज एफआईआर नंबर 10/2024 से जुड़ा है। यह मामला दिल्ली सरकार के विजिलेंस डायरेक्टोरेट की शिकायत पर दर्ज हुआ था। आरोप है कि दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स के अपग्रेडेशन से जुड़े टेंडर में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई। टेंडर की शर्तों में जानबूझकर हेराफेरी की गई और इसके पीछे आपराधिक साजिश रची गई। जांच में सामने आया कि टेंडर की शर्तों को इस तरह तय किया गया था कि इससे यूरोटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड नाम की एक खास कंपनी को सीधा फायदा पहुंचे। आरोप है कि जरूरी पायलट स्टडी नहीं कराई गई, ट्रीटेड पानी की गुणवत्ता से जुड़े जरूरी पैमानों को टेंडर से हटा दिया गया। साथ ही तकनीकी शर्तों में बदलाव कर सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचाया गया।
गिरफ्तारी पर दिल्ली में राजनीति तेज

दूसरी ओर सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर दिल्ली राजनीति में गरमा गई है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सत्येन्द्र जैन को एक बार फिर बीजेपी ने गिरफ्तार करवा दिया है। अभी कुछ वक्त पहले इन लोगों ने जेल में डालकर उनकी जो दुर्दशा की थी, वह सबको याद है। पिछला केस भी फर्जी था और यह केस भी फर्जी साबित होगा।  इसके आगे उन्होंने कहा कि आखिर कब तक बीजेपी की ये तानाशाही चलती रहेगी। जिसे मन करता है, झूठे आरोप लगाकर जेल में डाल देते हैं। ये चाहे जितनी तानाशाही कर लें, अब मोदी सरकार का अंत तय है। पूरी आम आदमी पार्टी और देश की जनता सत्येन्द्र जैन जी के साथ मजबूती से खड़ी है। केजरीवाल के बाद आप नेता मनीष सिसोदिया ने एक्स पर लिखा कि पंजाब चुनाव से ठीक पहले पंजाब के सहप्रभारी सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया गया है। पहले भी उनको ढाई साल तक फर्जी मामले में जेल में रखा और अब फिर एक और फर्जी मामला दायर किया गया है। केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के बयान पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। दिल्ली बीजेपी के चीफ हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि एसटीपी घोटाले में सत्येन्द्र जैन की गिरफ्तारी ने साफ कर दिया है कि केजरीवाल सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई थी। केजरीवाल सामने आयें और अपनी सरकार का अपराध स्वीकार करें। इसी तरह दिल्ली बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी आप पर पलटवार किया। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि दिल्ली को लूटने वालों का असली चेहरा बेनकाब हो गया है। टेंडर में हेराफेरी और करोड़ों की रिश्वत यही केजरीवाल का ईमानदार मॉडल था। जिस पानी और साफ-सफाई के नाम पर वोट मांगे उसी पर कमीशनखोरी की। दिल्ली की जनता आप की असलियत पहले ही जान चुकी थी। एक-एक चोरी के जवाब की जिÞम्मेदारी इनकी है। केजरीवाल के पाप देश की जनता के सामने आ चुके हैं।