रोजगार मेले में 263 युवतियों का चयन, विधायक व डीएम ने सौंपे नियुक्ति-पत्र

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत गौतमबुद्धनगर जिला सेवायोजन विभाग की ओर से पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 17 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। रोजगार के लिए कुल 486 छात्राओं व युवतियों ने आॅनलाइन एवं आॅफलाइन पंजीकरण कराया था जिसमें 263 का चयन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने मौजूद छात्राओं का हौंसला बढ़ाया। 

महिला सशक्तिकरण एवं युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन विभाग, गौतमबुद्धनगर की ओर से गुरुवर को राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर, में पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ दादरी विधायक तेजपाल नागर, जिलाधिकारी मेधा रूपम आदि अधिकायिों ने मिलकर दीप प्रज्ज्वलित किया। पिंक रोजगार मेले का उद्देश्य जनपद की शिक्षित एवं रोजगार की इच्छुक छात्राओं तथा युवतियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल एवं प्रतिभा के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा। इसमें जनपद की कुल 17 प्रतिष्ठित कम्पनियों ने प्रतिभाग किया। रोजागार के लिए 300 से अधिक आॅनलाइन एवं 186 आॅफलाइन कुल 486 युवतियों ने अपना पंजीकरण कराया। जिसमें से 263 युवतियों को साक्षात्कार के उपरान्त चयनित किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित दादरी विधायक एवं विशिष्ठ अतिथि जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम आदि अधिकारियों ने नियुक्ति पत्र वितरित किए। 

इस अवसर पर विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पिंक रोजगार मेले जैसे आयोजन युवतियों को रोजगार प्रदाताओं से सीधे जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 

इस अवसर पर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने युवतियों एवं छात्राओं का इन चार लाइनों से हौंसला बढ़ाते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की। 
तुम्हें खुद को आम नहीं, खास बनाना है। 
जागो, तुम्हें अपना इतिहास बनाना है।।
मंजिल दूर ही सही, लेकिन कदम बढ़ाते जाना है। 
आज के सपनों को कल की पहचान बनाना है।।
याद रखो, सपने वही सच होते हैं,
जिनके लिए हम लगातार मेहनत करते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह एक अनूठी पहल है। यह रोजगार मेला हमारी उन सभी बेटियों के लिए रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो स्नातक की पढ़ाई करने जा रही हैं। मेले में विभिन्न कंपनियों ने शामिल होकर आपकी प्रतिभा के अनुरूप आपको रोजगार का अवसर दिया। आपके भविष्य को बनाने की दिशा में यह आपके लिए एक बहुत अच्छा कदम रहेगा।
जिलाधिकारी ने सभी कंपनियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि आपके प्रतिभाग से आज इस पिंक रोजगार मेले की शुरुआत हुई है। यह जो अनूठी शुरुआत हुई है, इसे आगे भी जारी रखा जाएगा ताकि हमारी बेटियों को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर मिल सकें। यह आपके भविष्य के लिए एक पहला महत्वपूर्ण कदम है। इसके लिए आपको निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ना है।
जिलाधिकारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा आपके भीतर अपार शक्ति और क्षमता है। आवश्यकता केवल इस बात की है कि आप अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य को पहचानें और उसका सही दिशा में उपयोग करते हुए अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। उन्होंने कहा कि आज यहां नागरिक समाज एवं उद्योग जगत के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित हैं, जो आप सभी से संवाद कर रहे हैं और आपके साथ जुड़कर आगे बढ़ने के इच्छुक हैं। हमारी शिक्षिकाएं भी आपसे निरंतर संवाद एवं मार्गदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर में पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने प्रतिभाग कर युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। उन्होंने बताया कि कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों की योग्यता एवं प्रतिभा के आधार पर साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया संपन्न की गई।