जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। उत्तर प्रदेश में बुधवार को 100 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से आई आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। तेज आंधी से बीते 48 घंटों में 142 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हैं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी कई जनपदों में मौसम बिगड़ने की संभावना है। कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बता दें कि बुधवार को आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि सैकड़ों की संख्या में पेड़ जड़ सहित उखड़ गए। वहीं बिजली के खंभे, साइन बोर्ड आदि सब तहस-नहस हो गए। आंधी ने सबसे ज्यादा तबाही यूपी के पूर्वांचल जनपदों में मचाई। सड़कों पर गिरे पेड़ों की वजह से यातायात प्रभावित हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बेमौसम बारिश, आंधी और बिजली गिरने से हुई जानमाल के नुकसान का संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को 24 घंटे के अंदर प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने का निर्देश दिया।राहत आयुक्त कार्यालय ने गुरुवार शाम तक एक बयान जारी किया जिसमें कहा कि खराब मौसम, तूफान, आरिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने के कारण 26 जनपदों से सैकड़ों लोगों की मौत की खबरें मिली हैं। सरकार ने सभी जिलाधिकरियों को घटनाओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सत्यापित करने और प्रभावित परिवारों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर वित्तीय सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

कार्यालय की ओर से कहा गया कि जिलाधिकारियों के साथ सीधे समन्वय के माध्यम से स्थिति की निगरानी की जा रही है। प्रभावित जिलों को आवश्यक धन उपलब्ध कराया जा रहा है। सीएम योगी ने सभी जिलाधिकारियों एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को क्षेत्र का दौरा करने और उन्हें हर संभव सहायता पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने बीमा कंपनियों के साथ ही राजस्व और कृषि विभाग को नुकसान का सर्वेक्षण करने और सरकार को रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया।
शुक्रवार को मौसम विभाग ने यूपी के पूर्वांचल जिलों में वज्रपात, गर्जन के साथ बारिश और हवा की गति 60 किमी. प्रति घंटा की संभावना जताई है। वहीं कौशांबी, चित्रकूट, फतेहपुर, बांदा, हमीरपुर, झांसी एवं ललितपुर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।





