पानी की टंकी पर चढ़ी विधवा, हक की लड़ाई में हाईवोल्टेज ड्रामा

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
अमरोहा। यूपी के जनपद अमरोहा में अपने हक की मांग को लेकर एक विधवा महिला पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। महिला ने ससुराल पक्ष पर संपत्ति में हिस्सा नहीं देने और अपने ट्रैक्टर पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस, फायर बिग्रेड और महिला पुलिसकर्मी की टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किया। अमरोहा से देखिए हमारे संवाद्दाता कपिल चावला की खास रिपोर्ट।

मामला मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के कैसरा गांव का है, जहां शनिवार दोपहर करीब 12 बजकर 10 मिनट पर सरोज नाम की विधवा महिला पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। महिला के टंकी पर चढ़ते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सरोज के पति नवनीत भारती की करीब 11 महीने पहले दीपावली के दिन सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद सरोज पर अपने पांच वर्षीय बेटे के पालन-पोषण की जिम्मेदारी है। सरोज का आरोप है कि पति की मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे परेशान कर रहे हैं और संपत्ति में उसका हिस्सा नहीं दे रहे। महिला ने अपने ट्रैक्टर पर भी कब्जा किए जाने का आरोप लगाया है। टंकी के ऊपर से महिला लगातार अपना ट्रैक्टर वापस दिलाने और न्याय दिलाने की मांग करती रही। 

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने काफी देर तक महिला को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। एसआई योगेंद्र सिंह और ग्राम प्रधान रुद्रप्रताप सिंह ने फोन के जरिए महिला से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। महिला की सुरक्षा को देखते हुए फायर बिग्रेड को भी मौके पर बुलाया गया। गांव की महिलाएं और महिला पुलिसकर्मी भी उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे रहे। मंडी धनौरा थाना प्रभारी सतेंद्र सरोहा के मुताबिक, मामला पारिवारिक विवाद और संपत्ति में हिस्सा न मिलने से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार पूर्व में भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिवार के लोगों को पाबंद किया जा चुका है। फिलहाल पुलिस महिला को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने और मामले का समाधान कानूनी प्रक्रिया के जरिए कराने में जुटी है।