चुनाव नहीं लड़ेंगे अखिलेश यादव, सीधे सीएम की शपथ लेने का ऐलान

जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को वाराणसी से एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 2027 में वह खुद विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, यही हमारे लिए शुभ है, इसलिए वही काम करेंगे जो शुभ होगा। सपा मुखिया ने काशी की किसी सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल के जवाब में यह बात कही।


अखिलेश यादव ने बनारस में योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन सपा उम्मीदवार को एमएलसी चुनाव हरवाना चाहता था, लेकिन बाबा विश्वनाथ ने डबल आशीर्वाद दे दिया। सपा प्रमुख ने दालमंडी में उजाड़े गए व्यापारियों और दुकानदारों का उल्लेख करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में यह मुद्दा भी होगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में 200 विधायकों का टिकट काटने जा रही है। अखिलेश यादव ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि मां गंगा ने जिसे बुलाया था उन्होंने ही मां गंगा को भुला दिया।
वाराणसी में योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने मणिकर्णिका घाट की विरासत मिटाने की कोशिश की। एमएलसी चुनाव में इसका जवाब मिल चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा असली अराजक है।