सीएम योगी की ताबड़तोड़ रैलियां और रोड शो, पश्चिम बंगाल से टेरर, माफियाराज और कटमनी होगी खत्म

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी, अमित शाह के साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अंतिम दिन धुआंधार रैलियां और रोड़ शो किए। सबसे पहले सीएम योगी ने पश्चिम बंगाल के हुगली स्थित बाबा तारकनाथ मंदिर में दर्शन एवं पूजन किया। तत्पश्चात पश्चिम बंगाल की कल्याणी विधानसभा में रोड शो किया। इसके बाद धानेखाली विधानसभा क्षेत्र की जनता-जनार्दन से संवाद किया। 

सीएम योगी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की धरती को टेरर, माफियाराज और कटमनी की सरकार से मुक्त कराने का समय आ गया है। बंगाल को फिर से उन्नयन की ओर ले जाने और विकास के पथ पर अग्रसर करने के लिए डबल इंजन की सरकार आने वाली है। उन्होंने आम जनता से कहा कि आपका यह उत्साह, स्नेह और समर्थन इसका प्रमाण है। उन्होंने कल्याणी वासियों का आभार जताया। 


उन्होंने कहा कि व्यापारियों के उत्पीड़न, उद्योगों को नुकसान और नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ जैसी प्रवृत्तियों के विरुद्ध पश्चिम बंगाल में जनाक्रोश अब निर्णायक दिशा में आगे बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि धानेखाली विधानसभा की जनता का प्रचंड समर्थन इस बात का स्पष्ट संकेत है कि वे अपना आशीर्वाद डबल इंजन की भाजपा सरकार को प्रदान करने जा रही है। इसके अलावा उन्होंने पश्चिम बंगाल के दम दम विधानसभा क्षेत्र में आयोजित रोड शो में भी भाग लिया। 


बता दें कि पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को अंतिम चरण का मतदान है। आज शाम तक रोड शो और रैलियों का शोर थम जाएगा। इसी वजह से आज यानी अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित गृहमंत्री अमित शाह व यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने धुआंधार रैलियां ओर रोड शो किए। इस दौरान पश्चिम बंगाल की जनता का बहुत बड़ा समर्थन मिला। तेज धूप और प्रचंड गर्मी के बाद भी जहां पीएम को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा, वहीं सीएम योगी की रैलियों और रोड शो में भारी भीड़ देखने को मिली। 29 अप्रैल को मतदान के बाद 4 मई को परिणाम आएंगे। 4 मई की तारीख तय करेगी सरकार बनाकर भाजपा अपना सपना साकार करेगी या फिर से ममता बनर्जी की सरकार आएगी।