नोएडा-गाजियाबाद के श्रमिकों की बढ़ी मजदूरी, छावनी में तब्दील हुए नोएडा के औद्योगिक सेक्टर

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा में सोमवार को हिंसा के बाद मंगलवार को भी औद्योगिक सेक्टरों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। नोएडा के विभिन्न थानों की पुलिस के साथ ही पैरामिलिट्री फोर्स की कई बटालियन लगाई गई हैं। कोतवाली सेक्टर-58 में पुलिस पैरामिलिट्री फोर्स के साथ ही फायरब्रिगेड टीम पूरी तरह से अलर्ट दिखी। हालांकि, मंगलवार सुबह ऑफिस आ रहे कर्मचारियों को दिल्ली बॉर्डर पर मदर्सन के कर्मचारियों ने रोकने का प्रयास किया। लेकिन, लोग किसी तरह से अपने-अपने दफ्तार पहुंचे। 


बता दें कि सोमवार को नोएडा-गाजियाबाद से लेकर पलवल फरीदाबाद तक श्रमिकों के हिंसक आंदोलन के बाद यूपी सरकार ने न्यूनतम मजदूरी में इजाफा कर दिया। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से गठित उच्च अधिकार प्राप्त समूह की सिफारिशों पर अकुशल, अर्धकुशल और कुशल मजदूरों के न्यूनतम वेतन में वृद्धि की गई है। नोएडा और गाजियाबाद के मजदूरों  को सबसे अधिक मजदूरी मिलेगी। 


बता दें कि उत्तर प्रदेश में अभी तक अकुशल मजदूरों को 11,313 रुपये न्यूनतम मजदूरी मिलती थी। अब नोएडा और गाजियाबाद में 2377 रुपये का इजाफा किया गया है। इसके बाद न्यूनतम वेतन बढ़कर 13690 हो गया है। वहीं नगर निगम वाले अन्य जनपदों के लिए यह दर 13006 रुपये जबकि अन्य जनपदों के लिए 12356 रुपये हो गई है। 


वहीं अर्धकुशल श्रमिकों के लिए उत्तर प्रदेश में पहले 12445 रुपये न्यूनतम मजदूरी मिलती थी। अब इसमें 2614 रुपये की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। नोएडा गाजियाबाद में अब उन्हें 15059 रुपये जबकि नगर निगम वाले जनपदों में 14306 और अन्य जनपदों में 13591 रुपये मिलेगी। 
बात अगर कुशल श्रमिकों की करें तो उत्तर प्रदेश में अभी तक 13940 रुपये न्यूनतम मजदूरी तय थी। अब नोएडा-गाजियाबाद में कुशल श्रमिकों को अब 2908 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। अब उन्हें प्रतिमाह 16868 रुपये मिलेंगे। वहीं नगर निगम वाले जनपदों में 16025 जबकि अन्य जनपदों में 15224 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।