जन प्रवाद, ब्यूरो। नोएडा। मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव के लिए शुक्रवार को गौतमबुद्ध नगर में कुल 44 फीसदी मतदान हुआ। जनपद में 25,858 मतदाताओं में से 11,410 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वर्ष 2020 के चुनाव की तुलना में इस वर्ष करीब दो प्रतिशत अधिक वोट पड़े। जिलाधिकारी मेधा रूपम और कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने मतदान स्थलों का निरीक्षण किया।
जनपद गौतमबुद्धनगर में मतदान को लेकर सुबह से ही चहल-पहल रही। 13 मतदान केंद्रों के 42 बूथों पर सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम चार बजे तक चला। दिनभर बूथों पर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही। स्नातक निर्वाचन के मुकाबले शिक्षक निर्वाचन में मतदाताओं ने अधिक उत्साह दिखाया। मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। गौतमबुद्ध नगर में कुल 25,858 मतदाता थे। स्नातक निर्वाचन के लिए 12754 मतादाताओं में से 4503 और शिक्षक निर्वाचन के लिए कुल 13104 मतदाताओं में से 6907 ही मतदान करने के लिए पहुंचे। शाम चार बजे तक स्नातक निर्वाचन के लिए कुल 35.31 प्रतिशत तथा शिक्षक निर्वाचन के लिए 52.71 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर जिले में कुल मतदान प्रतिशत 44 रहा। मतदान केंद्रों पर चुनावी प्रक्रिया का राजनीतिक दलों के साथ ही जिलाधिकरी मेधा रूपम एवं पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने ज्यादातर मतदान स्थलों का निरीक्षण किया।
मतदान के दौरान पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने नॉलेज पार्क स्थित आईआईटी रुड़की परिसर में बनाए गए मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही वहां मौजूद कर्मचारियों, कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके अलावा पंचशील बालक इंटर कॉलेज और राजकीय महाविद्यालय, नोएडा सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का भी भ्रमण किया गया। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों के पालन की स्थिति देखी। जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बताया।
बता दें कि विधान परिषद चुनाव में इस बार मतदाताओं की भागीदारी पिछले चुनाव के मुकाबले ज्यादा रही। वर्ष 2020 में जिले में कुल 42.69 प्रतिशत मतदान हुआ था। उस दौरान स्नातक निर्वाचन में 35.27 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन में 50.11 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इस बार स्नातक निर्वाचन में मतदान प्रतिशत लगभग पिछले चुनाव के स्तर पर रहा, जबकि शिक्षक निर्वाचन में भागीदारी बढ़ी। दोनों चुनावों को मिलाकर कुल मतदान में करीब दो प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 2020 के चुनाव में भाजपा के श्रीचंद शर्मा ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज की थी। इस बार भी चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की गतिविधियां बनी रहीं। मतदान संपन्न होने के बाद प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी होने की बात कही।
बता दें कि मतदान प्रतिशत प्रात: 10:00 बजे तक शिक्षक का 10.97 प्रतिशत एवं स्नातक का 08.15 प्रतिशत हुआ। वहीं दोपहर 12:00 तक शिक्षक 22.29 प्रतिशत एवं स्नातक 17.82 प्रतिशत हुआ। दोपहर 2 बजे तक शिक्षक- 38.72 प्रतिशत एवं स्नातक 26.45 प्रतिशत हुआ। शाम 4 बजे यानी समापन तक शिक्षक- 52.71 प्रतिशत जबकि स्नातक- 35.31 प्रतिशत रहा।
MLC चुनाव में 44 फीसदी/ मतदान डीएम कमिश्नर ने खुद संभाली कमान
24-Oct-2026





