जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा थाना सेक्टर-24 पुलिस और थाना बिसरख पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर हुई मुठभेड़ के दौरान दो घाायल सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी के आभूषण, नकदी, स्नेच किए गए मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं अवैध हथियार बरामद किए हैं।
एडीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना सेक्टर-24 पुलिस सेक्टर-35 स्थित गंदे नाले के पास चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस टीम को सामने से एक संदिग्ध स्कूटी आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखकर उसने तेज गति से स्कूटी को भगाना शुरू कर दिया। तेज रफ्तार होने के कारण स्कूटी अनियंत्रित होकर नाले की दीवार से टकराकर गिर गई। स्कूटी सवार ने अपने को घिरा हुआ देखकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। गोली उसके पैर में लगी जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश की पहचान सोनू पुत्र सीताराम निवासी ग्राम मोरना नोएडा के रूप में की है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी, एक पिट्ठू बैग, चोरी एवं स्नैच किए गए 12 मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस एवं एक जिन्दा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। एडीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके द्वारा चोरी की स्कूटी पर सवार होकर राह चलते व्यक्तियों से मोबाइल फोन स्नैच व मौका पाकर चोरी किए जाते थे। बदमाश के संबंध में अन्य जानकारी की जा रही है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि गुरुवार की रात थाना बिसरख पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सूचना के आधार पर रोजा गोलचक्कर के पास चेकिंग शुरू की। तभी छपरौला रेलवे पुल की तरफ से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल तेज गति से आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार ने रुकने के बजाय बाइक को तेजी से वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। रोजा याकूबपुर के पास सर्विस रोड़ पर उक्त बदमाश मोटरसाइकिल से उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे और जंगल की ओर भागे।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। गोली लगते ही घायलावस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश की पहचान जितेन्द्र उर्फ जीतू पुत्र कान्ता प्रसाद निवासी मैनपुरी के रूप में हुई। घायल बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा एवं दो कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने घायल बदमाश के एक साथी पिन्टू पुत्र महेशचन्द्र निवासी छतरपुर मैनपुरी को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, थाना बिसरख क्षेत्र से चोरी किए गए आभूषण, नकदी व घटना में प्रयुक्त अन्य उपकरण बरामद हुए हैं।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि 27 अगस्त को बिसरख परिसर में एक बन्द फ्लैट का ताला तोड़कर उसके अन्दर से ज्वैलरी चोरी की गई थी, जिसके सम्बन्ध में थाना बिसरख में मुकदमा पंजीकृत है। इसके अलावा 13 अक्टूबर 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम रोजा जलालपुर की एक कॉलोनी में बन्द मकान के अन्दर से ताला तोड़कर ज्वैलरी, नगदी चोरी की गई थी। जिसके संबंध में थाना बिसरख में मामला पंजीकृत है। पुलिस ने उनके पास से एक मंगलसूत्र, इयर सिंह, एक हार, एक अंगूठी, दो पायल, एक कमर बंद, चार कड़े, एक घड़ी व नकदी बरामद की गई है।
बाइट : डॉ. प्रवीण रंजन सिंह, डीसीपी सेंट्रल नोएडा
मुठभेड़ में 2 घायल सहित 3 गिरफ्तार ज्वैलरी/ मोबाइल नकदी व तमंचा बरामद
24-Oct-2026





