मुठभेड़ के बाद दो गिरफ्तार, लाखों की ज्वैलरी व नकदी बरामद

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। थाना बिसरख पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक घायल सहित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी के आभूषण, नकदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं अवैध शस्त्र बरामद किए हैं।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि गुरुवार की रात थाना बिसरख पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सूचना के आधार पर रोजा गोलचक्कर के पास चेकिंग शुरू की। तभी छपरौला रेलवे पुल की तरफ से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल तेज गति से आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार ने रुकने के बजाय बाइक को तेजी से वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। रोजा याकूबपुर के पास सर्विस रोड़ पर उक्त बदमाश मोटरसाइकिल से उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे और जंगल की ओर भागे।

पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। गोली लगते ही घायलावस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश की पहचान जितेन्द्र उर्फ जीतू पुत्र कान्ता प्रसाद निवासी मैनपुरी के रूप में हुई। घायल बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा एवं दो कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने घायल बदमाश के एक साथी पिन्टू पुत्र महेशचन्द्र निवासी छतरपुर मैनपुरी को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, थाना बिसरख क्षेत्र से चोरी किए गए आभूषण, नकदी व घटना में प्रयुक्त अन्य उपकरण बरामद हुए हैं।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि 27 अगस्त को बिसरख परिसर में एक बन्द फ्लैट का ताला तोड़कर उसके अन्दर से ज्वैलरी चोरी की गई थी, जिसके सम्बन्ध में थाना बिसरख में मुकदमा पंजीकृत है। इसके अलावा 13 अक्टूबर 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम रोजा जलालपुर की एक कॉलोनी में बन्द मकान के अन्दर से ताला तोड़कर ज्वैलरी, नगदी चोरी की गई थी। जिसके संबंध में थाना बिसरख में मामला पंजीकृत है। पुलिस ने उनके पास से एक मंगलसूत्र, इयर सिंह, एक हार, एक अंगूठी, दो पायल, एक कमर बंद, चार कड़े, एक घड़ी व नकदी बरामद की गई है।