इस्लामाबाद पहुंचा अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल, जेडी वेंस के साथ कई अधिकारी भी शामिल

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नई दिल्ली। अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे युद्ध के बीच सीजफायर के लिए अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अधिकारियों की टीम के साथ इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं। जेडी वेंस के साथ उनके विशेष राजदूत स्टीव विटकॉफ, सलाहकार जारेड कुशनर भी मौजूद हैं। वहीं ईरान का प्रतिनिधिमंडल पहले से ही पहुंचा हुआ है। जेडी वेंस का स्वागत करने के लिए पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर एयरपोर्ट पहुंचे थे। 


बता दें कि शुक्रवार को ही ईरान का प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंच चुका था। उनकी टीम में विदेश मंत्री अब्बास अराघची के अलावा सुप्रीम नेशनल डिफेंस काउंसिल के सचिव अली अकबर अहमदियन, सेंट्रल बैंक के गर्वनर ब्दोलनासेर के साथ ही अन्य सदस्य शामिल हैं। बता दें कि ईरान द्वारा 10 सूत्रीय प्रस्ताव पेश किया गया था। इस प्रस्ताव में लेबनान भी शामिल था। इस बारे में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी जिक्र किया था। इसके बाद इजरायल ने इसका कटाक्ष किया और कहा था कि लेबनान एक अलग मामला है। चूंकि, वहां उनका युद्ध हिजबुल्लाह के साथ है। बाद में यही बात ट्रंप ने भी दोहराई थी। वहीं इजरायल ने उसके बाद से हमले और तेज कर दिए थे। इजरायल के हमले से लेबनान में महिलाओं और बच्चों सहित सैकड़ों लोग मारे गए थे। 


सूत्रों की मानें तो इस्लामाबाद पहुंचने पर गालिबाफ ने कहा कि ईरान का अमेरिका के साथ अनुभव विश्वासपूर्ण नहीं रहा। उन्होंने कहा कि एक साल के अंदर दो बार वार्ता हुई, लेकिन उसके बाद भी अमेरिका ने हमले किए। उन्होंने कहा कि हमारे पास सद्भावना है पर दूसरे पक्ष पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि अमेरिका वास्तव में अगर समझौते के लिए तैयार है और ईरान जनता के अधिकारियों को मान्यता देगा तभी ईरान समझौते के लिए हाथ आगे बढ़ाएगा।