अनियंत्रित ट्रक कार से टकराया, 4 की मौत, ग्रेटर नोएडा से आगरा एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्घटना

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
ग्रेटर नोएडा। रविवार देर रात थाना जेवर क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे पर नोएडा से आगरा की ओर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए एक बलेनो कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने चारो लोगों को मृत घोषित कर दिया। थाना जेवर पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया है। पुलिस सभी मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को जानकारी दे रही है। वहीं चालक के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।


इस बाबत डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि डायल 112 पर सूचना पाकर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि नोएडा से आगरा की ओर जा रहा ट्रक रेलिंग को तोड़ते हुए दूसरी तरफ जाकर एक बलेनो कार से टकरा गया है। कार में सवार चार लोग अचेत अवस्था में पाए गए। पुलिस ने जल्द ही कार से सभी को बाहर निकाला और एंबुलेंस की सहायता से सभी को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया और चालक व ट्रक को अपने कब्जे में लिया है। सभी मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।