यूपी में एक दुल्हन के लिए दो बारातें, तनाव के बाद पुलिस ने एक संग कराई शादी

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। आपने शायद ही कभी सुना होगा कि एक दुल्हन के लिए अलग-अलग स्थानों से एक साथ दो बारातें आई हों। हां जी, यह बिल्कुल सही है। यूपी के अमरोहा कोतवाली क्षेत्र के कैलासा बाईपास स्थित एक बैंक्वेट हॉल में रविवार को ऐसा ही देखने को मिला। यहां एक दुल्हन की दो बारातें पहुंचने से हड़कंप मच गया। मुरादाबाद निवासी पहले दूल्हे से मंगनी टूटने के बाद दुल्हन पक्ष ने संभल के दूसरे दूल्हे से उसी तारीख का रिश्ता तय कर लिया था। कार्ड बंटने और तैयारियां पूरी होने के कारण मुरादाबाद वाला दूल्हा भी बारात लेकर पहुंच गया। एक दुल्हन के लिए दो-दो दूल्हे देख वहां तनाव पैदा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों पक्षों की बात सुनी और दुल्हन की रजामंदी के आधार पर संभल वाले दूल्हे के साथ निकाह की रस्म पूरी कराई। 


बता दें कि ऐसा पहली बार देखने को मिला जब एक ही दुल्हन के लिए दो बारातें अलग-अलग स्थानों से एक ही दिन पहुंची हों। जानकारी के अनुसार दुल्हन की मंगनी पहले मुरादाबाद के एक रिश्तेदार से हुई थी, लेकिन बाद में दोनों परविारों के बीच अनबन हो गई। दुल्हन पक्ष ने इस रिश्ते को खत्म कर संभव के युवक से शादी तय कर दी। पुरानी तारीख के कार्ड बंट चुके थे और तैयारी भी पूरी हो चुकी थी इसलिए मुरादाबाद का दूल्हा भी अपना हक जताते हुए बारात लेकर बैंक्वेट हाल पहुंच गया। एक ही समय पर दो बारातियों और दो दूल्हों को देखकर माहौल गरमा गया। दुल्हन पक्ष ने तुरंत पुलिस को फोन पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और तीनों पक्षों को शांत कराया। आखिरकार दुल्हन की पसंद और रजामंदी को प्राथमिकता दी गई। इसके बाद संभल से आए दूल्हे के साथ उसका निकाह किया गया। वहीं मुरादाबाद वाले दूल्हे को अपनी बारात लेकर बैरंग लौटना पड़ा। यह शादी पूरे क्षेत्र के चर्चा का विषय बनी हुई है।