कौशांबी (उप्र) , एजेंसी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। कौशांबी में यह दर्दनाक हादसा सोमवार रात करीब 11:30 बजे मंझनपुर-उदिहिन मार्ग पर बाजपुर गांव के पास हुआ। मंझनपुर के क्षेत्राधिकारी सौरभ सामंत ने बताया कि दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कौशांबी जिले के चरवा थाना क्षेत्र के रहने वाले 24 वर्षीय समर सिंह और कड़ा धाम थाना क्षेत्र के फरिदागंज गांव के निवासी 40 वर्षीय हंसराज यादव के रूप में हुई है। समर सिंह अपने एक दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे थे, जबकि हंसराज यादव के साथ उनका 13 वर्षीय बेटा सौरभ और एक अन्य व्यक्ति सवार था। अधिकारी ने बताया कि दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार सभी पांच लोग हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया, “सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों मोटरसाइकिल चालकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। हंसराज के बेटे समेत तीन अन्य घायलों को इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया।” दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।





