कांग्रेस क्षेत्रीय दलों को ‘मुख्य दुश्मन’ मानती है, कॉजपा आंदोलन को कमजोर किया: अखिल गोगोई

नयी दिल्ली, एजेंसी। असम में कांग्रेस द्वारा रायजोर दल से गठबंधन तोड़े जाने के दो महीने बाद पार्टी प्रमुख अखिल गोगोई ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बजाय क्षेत्रीय दलों और ‘वास्तविक जन आंदोलनों’ को अपना ‘मुख्य दुश्मन’ मानती है। गोगोई ने मंगलवार को लिखे गए कई पत्रों में अपनी बात कही। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लिखे पत्र में आरोप लगाया कि कांग्रेस ने ‘समानांतर विरोध प्रदर्शन’ आयोजित करके कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के आंदोलन को कमजोर किया। गोगोई ने लिखा, ‘‘सड़कों पर आंदोलन को विभाजित करके और एक वास्तविक जनविद्रोह के साथ प्रतिस्पर्धा करके आपकी पार्टी ने कॉजपा के आंदोलन को कमजोर किया। इससे सत्तारूढ़ सर कार को आंदोलन को नियंत्रित करने का मौका मिला और देश के सामने निर्णायक संघर्ष का जो अच्छा अवसर था वह गंवा दिया गया।’’इस वर्ष असम की शिवसागर विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार जीत हासिल करने वाले गोगोई ने कहा कि स्वतंत्र जन आंदोलन का समर्थन किए बिना विपक्ष 2029 में भाजपा को पराजित नहीं कर पाएगा। उन्होंने राहुल गांधी से आग्रह किया कि कांग्रेस को कॉजपा या उसके नेताओं को लेकर आपत्तियां होने के बावजूद विपक्षी दलों को ऐसे आंदोलन के समर्थन में एकजुट करना चाहिए। राजनीतिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव को लिखे एक अलग पत्र में गोगोई ने कांग्रेस द्वारा इस आंदोलन से निपटने के तरीके को क्षेत्रीय सहयोगी दलों के प्रति उसके रवैये से जोड़ा। 

उन्होंने लिखा, ‘‘यह लगातार स्पष्ट होता जा रहा है कि कांग्रेस भाजपा के बजाय क्षेत्रीय दलों और वास्तविक जन आंदोलनों को अपना मुख्य दुश्मन मानती है।’’गोगोई ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस भाजपा को अपना वैचारिक प्रतिद्वंद्वी बताती है, लेकिन वह लगातार क्षेत्रीय सहयोगियों और स्वतंत्र जमीनी आंदोलनों को कमजोर करने का काम करती है।’’असम कांग्रेस ने तीन सितंबर को ‘गठबंधन की नैतिकता का उल्लंघन’ करने का हवाला देते हुए रायजोर दल के साथ सभी राजनीतिक संबंध समाप्त करने की घोषणा की थी। कांग्रेस ने क्षेत्रीय दल के नेतृत्व पर पार्टी की छवि खराब करने और अन्य सहयोगी दलों के नेताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया था। अप्रैल में हुए असम विधानसभा चुनाव से करीब तीन सप्ताह पहले दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर समझौता हुआ था। रायजोर दल ने जिन 13 सीटों पर चुनाव लड़ा, उनमें से धींग और शिवसागर की दो सीटों पर जीत हासिल की। कांग्रेस को 19 सीटें मिलीं, जबकि भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें जीतीं। राहुल गांधी को लिखे पत्र में गोगोई ने कांग्रेस नेताओं से विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करने, बूथ स्तर पर समितियां गठित करने और युवाओं के नेतृत्व वाले आंदोलन को जरूरी संसाधन एवं संगठनात्मक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। असम की 14 लोकसभा सीटों का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अपने दम पर ‘एक या दो सीटें भी जीतने की स्थिति में नहीं है।’