दिल्ली के विवेक विहार में इमारत ढही, एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत

नयी दिल्ली, एजेंसी। पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में मंगलवार सुबह एक पुरानी इमारत ढहने से तीन साल के बच्चे और एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ज्वाला नगर की गली नंबर छह में स्थित यह इमारत सुबह करीब 10 बजे ढह गई और छह लोग मलबे में दब गए। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस ने बताया कि इमारत में किराये पर रहने वाले सभी छह लोगों को मलबे से निकाल लिया गया और कैट एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान पहली मंजिल पर मौजूद लड्डू उर्फ देवांश (3) और भूतल पर मौजूद पिंटू (35) के रूप में हुई है। घायलों की पहचान खुशबू (27), विकेश (35), आकाश (25) और दिलीप उर्फ डिम्पा (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इमारत के सभी छह निवासी किरायेदार थे। यह इमारत सुरेंद्र सिंह की है। विवेक विहार थाने को सुबह 10 बजकर नौ मिनट पर इमारत ढहने की सूचना मिली थी। पुलिस ने बताया कि मामले में जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है। यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब पिछले कुछ महीनों में दिल्ली में इमारतें ढहने की कई घटनाएं सामने आई हैं। सितंबर में सत्य निकेतन में पेइंग गेस्ट आवास वाली पांच मंजिला इमारत ढहने से छात्रों सहित सात लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, पांच नवंबर को पुरानी दिल्ली के हौज काजी इलाके में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढहने से छह लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा, 15 नवंबर को पहाड़गंज में इमारत ढहने की एक अन्य घटना में कई लोग घायल हो गए थे।