भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मथुरा पहुंचे, उप्र में पार्टी की तीसरी बार जीत की रणनीति बनाएंगे

मथुरा (भाषा), एजेंसी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को मथुरा पहुंचे और वह यहां परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गौ अनुसंधान केंद्र में आयोजित पार्टी की दो दिवसीय योजना बैठक (चिंतन शिविर) के दूसरे दिन उसमें शामिल होने वाले हैं। भाजपा के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में नवीर तीसरी बार पार्टी की उप्र में सरकार बनाने की रणनीति बनाएंगे। भाजपा के प्रदेश मीडिया संयोजक मनीष दीक्षित ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राष्‍ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के यहां पहुंचने पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व केन्‍द्रीय वित्‍त राज्‍य मंत्री पंकज चौधरी और उप्र प्रभारी विनोद तावड़े ने हेलीपैड पर उनका स्वागत किया। परखम में उप्र के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक राष्‍ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करेंगे। ब्रजभूमि मथुरा और दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्मस्थली के पास यह बैठक आयोजित कर भाजपा ने अपने संगठनात्मक संकल्प को स्पष्ट किया है। 

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा था कि मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर एक भव्य मंदिर का निर्माण 2027 के विधानसभा चुनावों में एक बड़ा मुद्दा होगा। पार्टी इस बैठक से 2027 में उप्र में तीसरी बार जीत का रोडमैप तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ने की योजना तैयार कर रही है। यह बैठक 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति तैयार करने के लिए ही बुलाई गई है। सोमवार से शुरू हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय संगठन (महामंत्री) बीएल संतोष समेत संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और कोर कमेटी के सदस्य शामिल हैं। बैठक में बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं में समन्वय, सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार, विपक्षी दलों के कथित दुष्प्रचार का जवाब और संगठन की मजबूती जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा हो रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इन चर्चाओं पर अंतिम दिशा-निर्देश देंगे और मिशन-2027 की रूपरेखा को अंतिम रूप देंगे।