जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। दिल्ली में पिछले कई दिनों से चल रहे प्रदर्शनों से आम जनता जिस तरह से परेशान है और देश को बड़ा नुकसान हो रहा है अब ऐसा कभी नहीं होगा। दिल्ली पुलिस ने बड़ा फैसला लिया है। पुलिस ने नया आदेश जारी किया है, जिसके अनुसार अब जंतर-मंतर पर अब कभी भी प्रदर्शन नहीं हो पाएगा। इसके स्थान पर अब रामलीला, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी मैदान को नए प्रदर्शन स्थलों के रूप में तय किया गया है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब राजधानरी में विरोध प्रदर्शनों को लेकर चर्चा हो रही है।

दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार की ओर से जारी स्थायी आदेश संख्या एलएंडओ/48/2026 में यह जानकारी दी गई है। आदेश के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नागरिकों के प्रदर्शन और विरोध करने के अधिकार को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक स्थलों की पहचान के लिए एक समिति बनाई थी। समिति को मौजूदा निर्धारित स्थल के विकल्प तलाशने की जिम्मेदारी दी गई थी। उसकी सिफारिशों के आधार पर जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया गया है।

इन जगहों पर प्रदर्शन के लिए नए नियम लागू
दिल्ली पुलिस के आदेश में कहा गया है कि इन तीनों स्थलों पर प्रदर्शन आयोजित करने के लिए विस्तृत और संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) अलग से जारी की जाएगी। यानी प्रदर्शन आयोजित करने की प्रक्रिया और उससे जुड़े दिशा-निर्देशों की जानकारी बाद में दी जाएगी। फिलहाल, आदेश में नए नियमों का पूरा विवरण नहीं दिया गया है। इसलिए प्रदर्शन से जुड़ी शर्तों, अनुमति लेने की प्रक्रिया और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में अलग आदेश जारी होने के बाद ही स्पष्ट जानकारी मिलेगी।

बता दें कि दिल्ली पुलिस का यह आदेश 28 अप्रैल 2022 को जारी स्थायी आदेश संख्या एलएंडओ/48/22 में आंशिक बदलाव करता है। नए आदेश में जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में हटाने और तीन नए स्थलों को निर्धारित करने की बात कही गई है। साथ ही, इन स्थलों पर प्रदर्शन आयोजित करने के लिए संशोधित एसओपी बाद में जारी करने की जानकारी दी गई है। आदेश पर दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के हस्ताक्षर हैं।
इस बदलाव के बाद दिल्ली में प्रदर्शन आयोजित करने के लिए निर्धारित स्थलों की सूची बदल गई है। जंतर-मंतर अब इस आदेश के तहत निर्धारित प्रदर्शन स्थल नहीं रहेगा। इसके बजाय रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी मैदान को नए स्थल बनाया गया है। हालांकि, इन जगहों पर प्रदर्शन आयोजित करने के लिए लागू होने वाली विस्तृत प्रक्रिया और शर्तों का पता संशोधित एसओपी जारी होने के बाद चलेगा।





