भीषण गर्मी से मिलेगी थोड़ी राहत, 30 अप्रैल तक गर्मी से मिलेगी निजात

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। इन दिनों समूचे भारत में गर्मी का कहर जारी है। उत्तर प्रदेश सहित पूरा भारत गर्मी से झुलस रहा है। इसी बीच मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर सामने आई है। नोएडा सहित दिल्ली-एनसीआर में सोमवार रात आई तेज आंधी-तूफान के बाद मौसम का मिजाज बदलने वाला है। कई जिलों में गर्मी से थोड़ी राहत तो कई जिलों में बारिश की भी संभावना जताई गई है। 


मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से गुरुवार तक मौसम सही रह सकता है। इसके बाद फिर से प्रचंड गर्मी लोगों को झुलसाना शुरू कर देगी। बात अगर उत्तर प्रदेश की करें तो पूरे प्रदेश में गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। वहीं मौसम विभाग के अनुमान ने थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगा दी है। आगामी 24 घंटे के अंदर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ अलग-अलग स्थानों पर बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने का भी अनुमान है। आंधी-तूफान के कारण गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। गर्मी की भयावता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने स्कूलों के समय में भी परिवर्तन कर दिया है। 


वहीं दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो यहां मौसम विभाग ने बारिश के साथ ही तेज आंधी-तूफान आने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां से गरज और चमक का भी सामना करना पड़ेगा। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्यिस और अधिकतम तापमान लगभग 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया गया है। बुधवार को मौसम विभाग ने विशेष अलर्ट जारी किया गया है। 


इसके अलावा दक्षिण भारत की बात करें तो तटीय डेल्टा जिलों, पश्चिमी घाट के जिलों, दक्षिणी तटीय जिलों और कराईकल क्षेत्र में छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। वहीं तमिलनाडु के अन्य क्षेत्रों में और पुडुचेरी में मुख्य रूप से मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। आगामी 30 अप्रैल को नीलगिरि, कोयंबटूर, इरोड, सलेम, धर्मपुरी और कृष्णगिरि जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। एक मई तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्र में अधिकतम तापमान में वृद्धि की प्रवृत्ति के साथ कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।