जय श्रीराम के नारों से गूंजा स्टेडियम, रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण का पुतला दहन

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। नोएडा सहित पूरे देश में कल बुराई का प्रतीक रावण, मेघनाथ और कुंभकरण का पुतला दहन करने के साथ ही रामलीला का समापन हो गया। नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-62 आदि स्थानों पर रामलीला का सफल और मनोहारी मंचन हुआ। कल मेला देखने के लिए लाखों की संख्या में लोग पहुंचे और रावण का पुतला दहन होने पर भरपूर रामायण मंचन का लुत्फ उठाया। 


कार्यक्रम का शुभारंभ लक्ष्मण शक्ति लीला से हुआ। इसमें मेघनाद की शक्ति से लक्ष्मण जी के मूर्छित होने तथा हनुमान जी द्वारा संजीवनी बूटी लाकर उन्हें पुन: चेतना प्रदान करने का भावपूर्ण दृश्य प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात कुंभकरण को निद्रा से जगाने, उसके द्वारा रावण को भगवान श्रीराम से संधि करने की सलाह देने तथा रावण द्वारा संधि प्रस्ताव अस्वीकार करने के प्रसंग का मंचन हुआ। अंतत: भगवान श्रीराम की सेना के साथ हुए युद्ध में कुंभकरण का वध हुआ। इसके बाद मेघनाद द्वारा निकुंभला देवी के मंदिर में पूजा-अर्चना एवं हवन के माध्यम से शक्ति प्राप्त करने के प्रयास तथा लक्ष्मण जी द्वारा हनुमान जी और वानर सेना के सहयोग से हवन विफल करने के प्रसंग को दर्शाया गया। इसके पश्चात लक्ष्मण जी के हाथों मेघनाद का वध हुआ। मेघनाद की मृत्यु का समाचार मिलने पर सुलोचना का विलाप तथा अपने पति का शीश प्राप्त करने के लिए रामदल में पहुंचने का मार्मिक दृश्य प्रस्तुत किया गया। वहीं, रावण द्वारा नारांतक को युद्ध के लिए भेजने और सुग्रीव के पुत्र दधिबल द्वारा उसका वध किए जाने की लीला ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इसके बाद श्रीराम और रावण युद्ध में रावण की मृत्यु का सजीव चित्रण किया गया। 


वहीं अमरोहा में विजयदशमी के अवसर पर करीब 400 साल पुरानी परंपरा के तहत रावण दहन किया गया। हिंदू इंटर कॉलेज स्थित रामलीला मैदान में भगवान श्रीराम के जयकारों के बीच रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने भगवान श्रीराम का किरदार निभा रहे कलाकारों के साथ रावण के पुतले का दहन किया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल और नगर पालिका अध्यक्ष शशि जैन समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मैदान में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
जनपद अमरोहा के हिंदू इंटर कॉलेज स्थित रामलीला मैदान की हैं, जहां विजयदशमी के अवसर पर करीब 400 साल पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए रावण दहन किया गया। वर्षों से इसी मैदान में रामलीला का आयोजन होता आ रहा है और दशहरे पर बुराई के प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया जाता है।

रावण दहन के दौरान जिलाधिकारी नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव मौजूद रहे। भगवान श्रीराम का किरदार निभा रहे कलाकार के साथ अधिकारियों ने रावण के पुतले का दहन किया। इसके साथ ही मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों को भी आग के हवाले किया गया। रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग रामलीला मैदान पहुंचे। पुतलों में आग लगते ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल, नगर पालिका अध्यक्ष शशि जैन, रामलीला कमेटी के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस प्रशासन की निगरानी में रावण दहन का कार्यक्रम संपन्न हुआ।