जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। यूपी के बाराबंकी जनपद से बहुत ही हैरान कर देने वाली खबर आई है। यहां दुर्गा पूजा पंडाल में जहरीले सांप के साथ करतब दिखाना पिता-पुत्र को भारी पड़ गया। सांप के डसने से दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, करतब दिखाने के दौरान बरती गई लापरवाही से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के मुताबिक सतरिख थाना क्षेत्र के मुनक्की पुरवा गांव निवासी 60 वर्षीय महेश रावत अपने 20 वर्षीय बेटे नौमीलाल के साथ सोमवार रात जैदपुर थाना क्षेत्र के जराहरा गांव में दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचा था। दोनों सांप के साथ पंडाल में करतब दिखा रहे थे। नौमीलाल सांप के जहरीले दांत तोड़ने की कोशिश कर रहा था। इस बीच सांप ने उसे डंस लिया। इसके बाद बेटे को बचाने के लिए महेश ने सांप पकड़ने की कोशिश की तो उसको भी सांप ने डंस लिया।

आनन-फानन में लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने दोनों की बचाने की कोशिश की लेकिन हालत बिगड़ती चली गई। इसके बाद उन्हें लखनऊ के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। लेकिन, दोनों की मौत हो गई। सीएमएस डॉक्टर जेपी मौर्य के मुताबिक नौमीलाल को एंटी स्नेक वेनम की 20 वायल दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। यहां तक कि उसकी आंखों की रोशनी चली गई थी। गला रुंधने के कारण वह बोल भी नहीं पा रहा था। वहीं उसके पिता महेश की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार महेश काफी समय से सांप पकड़ने का काम करता था। उसके बैग में करीब दो दर्जन सांप थे। सोमवार रात वह ईंट-भट्ठे के पास पकड़े गए एक जहरीले सांप के साथ दुर्गा पूजा पंडाल में करतब दिखा रहा था। इसी दौरान सांप ने महेश और उसके बेटे को डस लिया। करतब देखने के लिए पंडाल में लोगों की भीड़ जुटी थी, लेकिन घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।






