नवनियुक्त जिलाधिकारी से प्राचार्य से की भेंट

जन प्रवाद, ब्यूरो।
बिजनौर। बिजनौर स्थित महात्मा विदुर राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, बिजनौर की प्रधानाचार्य डॉ. चौधरी ललिता ने शुक्रवार को जनपद के नवनियुक्त जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए उन्हें पौधा सौंपा। अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं पर मंथन किया गया। इस दौरान प्रधानाचार्य और जिलाधिकारी के बीच महात्मा विदुर राज्य चिकित्सा महाविद्यालय तथा उससे संबद्ध अस्पताल की मौजूदा व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। दोनों अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ बनाने और शैक्षणिक माहौल को बेहतर करने के संबंध में अपने विचार साझा किए।


आम जनमानस को मिलेगा बेहतर स्वास्थ्य लाभ
डॉ. चौधरी ललिता ने जानकारी दी कि आने वाले समय में जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के विकास तथा उन्नति के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। इन सुधारों का मुख्य उद्देश्य बिजनौर और आसपास के क्षेत्र की आम जनता को उत्कृष्ट, सुलभ और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। भेंट के दौरान दोनों अधिकारियों ने प्रतिबद्धता जताई कि जिला प्रशासन और मेडिकल कॉलेज प्रशासन मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर को एक नई ऊंचाई पर ले जाने का प्रयास करेंगे। जिलाधिकारी जल्द ही अस्पताल और कॉलेज का दौरा कर व्यवस्था का जाएजा लेंगे।