पानी में घुसकर निकाली अंतिम यात्रा, प्रधान पर गंभीर आरोप वीडियो वायरल

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
अमरोहा। जनपद अमरोहा से सिस्टम की बदहाल व्यवस्था की तस्वीर सामने आई है। गंगा चोली गांव में जलभराव के बीच 75 वर्षीय वृद्ध महिला की अंतिम यात्रा निकालनी पड़ी। परिजनों और ग्रामीणों को पानी से होकर अर्थी लेकर गुजरना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की सड़क और जलनिकासी की समस्या को लेकर ग्राम प्रधान से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। वहीं, वायरल वीडियो में एक ग्रामीण ग्राम प्रधान पर यह आरोप लगाता नजर आ रहा है कि सड़क बनवाने की मांग करने पर प्रधान ने कथित तौर पर कहा कि आपने मुझे वोट नहीं दिया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

ये तस्वीरें जनपद अमरोहा के गंगा चोली गांव की हैं, जहां जलभराव के बीच 75 वर्षीय महिला की अंतिम यात्रा निकालनी पड़ी। मोर काली देवी के निधन के बाद जब परिजन और ग्रामीण उनकी अर्थी लेकर अंतिम संस्कार के लिए निकले तो रास्ते में भरा पानी बड़ी परेशानी बन गया। ग्रामीणों को पानी के बीच से होकर अर्थी लेकर गुजरना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जलनिकासी की व्यवस्था लंबे समय से बदहाल है और सड़क पर जलभराव के चलते लोगों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के मुताबिक, इस समस्या को लेकर ग्राम प्रधान से कई बार सड़क बनवाने और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक ग्रामीण ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप लगाता नजर आ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क बनवाने की मांग करने पर ग्राम प्रधान ने कथित तौर पर यह कहकर इनकार कर दिया कि आपने उन्हें वोट नहीं दिया है।


वीडियो में ग्रामीण यह भी कहता सुनाई दे रहा है कि अगर जिम्मेदार लोगों को समस्या का समाधान करना है तो वे कर सकते हैं। हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। अब ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से गांव की सड़क और जलनिकासी व्यवस्था का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। अंतिम यात्रा के दौरान सामने आई इन तस्वीरों ने गांव की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और ग्रामीण इस समस्या के जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।