दो टुकड़ों में बंट रही है अब प्रशांत महासागर के नीचे धरती 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। अफ्रीका महाद्वीप में धरती टूटने की आ रही खबरों के बाद अब प्रशांत महासागर के नीचे धरती दो टुकड़ों में बंट रही है। वैज्ञानिकों का मानना है कि कैस्केडिया सबडक्शन जोन में एक्सप्लोरर प्लेट टूट रही है। यह वैसे ही हो रहा है जैसे ट्रेन डिरेल हो जाती है। यह दरार 75 किलोमीटर है। वैज्ञानिक इसे आने वाले समय की तबाही मान रहे हैं।

दो हिस्सों में बंट रही है टेक्टॉनिक प्लेट 

प्रशांत महासागर के नीचे कनाडा के वैंकूवर द्वीप के पास एक टेक्टॉनिक प्लेट दो हिस्सों में बंट रही है। यह जगह कैस्केडिया सबडक्शन जोन कहलाती है। नई रिसर्च से पता चला है कि यह जोन अपनी मौत के करीब पहुंच रहा है। यह रिसर्च साइंस एडवांसेज जर्नल में छपी है। रिसर्च के अनुसार पृथ्वी की सतह एक विशाल चट्टान का टुकड़ा नहीं है, बल्कि कई बड़े-बड़े टुकड़ों से बनी है। इन टुकड़ों को टेक्टॉनिक प्लेट्स कहते हैं। ये प्लट्स धीरे-धीरे घूमते रहते हैं। कभी-कभी ये एक-दूसरे से टकराते हैं। इसके अलावा ये अलग होकर दूर भी चले जाते हैं। वैज्ञानिकों ने इस अध्ययन को तबाही आने से पहले की चेतावनी माना है। 
कई प्लेट्स में बंटी है क्रस्ट 

बता दें कि पृथ्वी की ऊपरी सतह यानी क्रस्ट कई प्लेट्स में बंटी है। ये प्लेट्स गर्म, अर्ध-पिघली चट्टानों के ऊपर तैरती रहती हैं। ये प्लेट्स आपस में जुड़ी हुई हैं लेकिन धीरे-धीरे हिलती रहती हैं। कभी ये रगड़ खाती हैं तो कभी अलग होती हैं। इन सबमें सबडक्शन को सबसे खतरनाक प्रक्रिया माना जाता है। इसमें एक प्लेट दूसरी के नीचे सरक जाती है। इससे ज्वालामुखी फूटते हैं और भूकंप आते हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार यह प्रकिया अब तेज हो सकती है। यानी समुद्र के भीतर धरती के फटने से ज्वालामुखी के फटने और भूकंप की घटनाओं की संख्या बढ़ सकती है। बता दें कि इस दरार का पता तब चला जब लुइसियाना स्टेट यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिक ब्रैंडन शक और उनके साथी वैज्ञानिकों ने जहाज से सिस्मिक इमेजिंग की। यह समुद्र तल से ध्वनि तरंगें भेजने जैसा कार्य था। इस दौरान उन्होंने पाया कि कैस्केडिया के उत्तरी सिरे पर एक्सप्लोरर प्लेट टूट रही है। बता दें कि कैस्केडिया सबडक्शन जोन प्रशांत महासागर के उत्तरी हिस्से में है। यहां चार प्लेट्स मिलती हैं। इनके नाम एक्सप्लोरर, जुआन डे फ्यूका, पैसिफिक और नॉर्थ अमेरिकन है। इनमें से क्सप्लोरर और जुआन डे फ्यूका प्लेट्स नॉर्थ अमेरिकन प्लेट के नीचे सरक रही हैं। यह जगह बहुत जटिल मानी जा रही है। यहां कई बड़े फॉल्ट्स और फ्रैक्चर्स मिले। सबसे बड़ा एक 75 किलोमीटर लंबा फॉल्ट है। यह प्लेट को चीर रहा है। शक का कहना है कि यह पहली बार है जब हमने सबडक्शन जोन की मौत साफ तौर देखी है। यह एकदम बंद नहीं हो रहा, बल्कि धीरे-धीरे टुकड़ों में बंट रहा है। यह वैसे ही है जैसे ट्रेन का एक-एक डिब्बा डिरेल हो रहा हो। 
स्टडी को बड़ी सफलता मान रहे हैं वैज्ञानिक 

वैज्ञानिक इस स्टडी को बड़ी सफलता मान रहे हैं। उनके अनुसार इससे हमें पृथ्वी के अंदर की गतिविधियां समझने का मौका मिलेगा। इससे भूकंप पूवार्नुमान बेहतर होगा। वैज्ञानिक अब और डेटा इकट्ठा करेंगे। शक का मानना है कि यह ट्रेन रेस की तरह है। एक बार शुरू, तो रुकना मुश्किल. लेकिन अंत में, यह नई शुरूआत लाता है। पृथ्वी बदल रही है। प्रशांत के नीचे यह टूटना हमें याद दिलाता है कि हमारे ग्रह को बचाने के लिए सतर्क रहना होगा।