होली पर होगा अनोखा चंद्रग्रहण

जनप्रवाद ब्यूरो नई दिल्ली। होली पर इस बार अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। लोगों के अलावा चांद भी अंतरिक्ष में होली खेलेगा। होली के दिन चंद्र ग्रहण होगा। इस दौरान चांद बिल्कुल लाल रंग का दिखाई देगा। ऐसे में अगर आपको अंतरिक्ष में होने वाली घटनाओं में दिलचस्पी है तो इस अविस्मरणीय घटना को मिस न करें। 14 मार्च को होली के दिन आसमान में अनोखा नजारा दिखेगा। इस दिन आसमान में लाल रंग का चांद दिखाई देगा। जिसे ब्लड मून कहा जाता है। तीन साल बाद पूर्ण चंद्रग्रहण होगा।  इसके पहले ऐसा 2022 में हुआ था। 14 मार्च को लगने वाला पूर्ण चंद्र ग्रहण दुनिया के कई हिस्सों में देखा जा सकेगा। इस बार पूर्ण चंद्र ग्रहण पृथ्वी की छाया से चांद के गुजरने की वजह से होगा। यह ग्रहण वर्म मून के दौरान होगा। यह सर्दियों की आखिरी पूर्णिमा के दौरान दिखाई देता है। इस दौरान एक माइक्रोमून ग्रहण भी होगा, यानी चांद सामान्य से छोटा दिखेगा। यह माइक्रोमून ग्रहण 65 मिनट तक चलेगा। इस दौरान चांद पृथ्वी से सबसे दूर होगा। जिससे वह दूसरी पूर्णिमाओं के मुकाबले छोटा दिखाई देगा। बता दें कि यह साल 2025 का पहला चंद्र ग्रहण होगा। ये पूर्ण चंद्र ग्रहण अमेरिका के न्यूयॉर्क, लॉस एंजिल्स और शिकागो, कनाडा में देखा जा सकेगा। टोरंटो, वैंकूवर और मॉन्ट्रियल, मेक्सिको, ब्राजील, अर्जेंटीना और  चिली में सबसे अच्छा दिखेगा। इसके अलावा कोलंबिया, स्पेन, पुर्तगाल, फ्रांस, घाना, नाइजीरिया में भी दिखाई देगा। दुनिया के कुछ हिस्सों, जैसे- आस्ट्रेलिया, अंटार्कटिका और एशिया में आंशिक ग्रहण दिखाई देगा। बता दें कि पूर्ण चंद्र ग्रहण के दौरान पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है, जिससे चंद्रमा पर पृथ्वी की छाया पड़ती है। लाल रंग की इस चमक को ब्लड मून कहा जाता है। ये इसलिए होती है क्योंकि पृथ्वी का वायुमंडल सूर्य के प्रकाश की छोटी नीली और हरी तरंगों को बिखेर देता है। जिससे केवल लाल और नारंगी रोशनी ही चंद्रमा तक पहुंचती है। इसकी वजह से पूर्णता के दौरान चंद्रमा गहरा लाल या तांबे के रंग का दिखाई देता है। जब चंद्र ग्रहण होगा तो भारत में दिन का समय होगा। ऐसे में इसे यहां नहीं देखा जा सकेगा।  बता दें कि मार्च की 29 तारीख को आंशिक सूर्य ग्रहण होगा। हालांकि भारतीय इसे भी नहीं देख पाएंगे। यह ग्रहण उत्तरी अमेरिका, ग्रीनलैंड, आइसलैंड, उत्तरी अटलांटिक महासागर, यूरोप और उत्तर-पश्चिमी रूस में दिखाई देगा। इसके बाद 7-8 सितंबर को फिर चंद्र ग्रहण होगा। ये पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा और भारत में दिखाई देगा। यह ग्रहण रात 8 बजकर 58 मिनट पर शुरू होकर रात 2 बजकर 25 मिनट तक चलेगा। इस दौरान चांद गहरे लाल रंग का दिखाई देगा। ये चंद्र ग्रहण भारत के पड़ोसी देशों, यूरोप, अंटार्कटिका, पश्चिमी प्रशांत महासागर, आस्ट्रेलिया और हिंद महासागर क्षेत्र में भी दिखाई देगा।