जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। बिहार चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एनडीए ने आज घोषणा पत्र जारी किया। इसमें एनडीए ने वादों की झड़ी लगा दी है। मेनिफेस्टो में 125 यूनिट फ्री बिजली, 1 करोड़ नौकरियां, 4 नए शहरों में मेट्रो जैसे बड़े चुनावी वादों का ऐलान किया गया है। बिहार विधानसभा चुनावों के लिए कैंपेन तेज हो गया है। कल पीएम मोदी, अमित शाह और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने चुनावी सभा को संबोधित किया। आज एनडीए ने अपने घोषणापत्र में बिहार के विकास का ब्लूप्रिंट तैयार किया। इस घोषणापत्र में समाज के सभी वर्गों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को साधने के लिए कई बड़े वादों की घोषणा की गई है। बता दें कि महागठबंधन अपना घोषणापत्र पहले ही जारी कर चुका है। एनडीए ने अपना घोषण पत्र पटना के एक बड़े होटल में जारी किया। इस दौरान सभी घटक दलों के प्रमुख नेता मौजूद रहे। सीएम नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और चिराग पासवान मौजूद रहे। इसके अलावा सांसद उपेंद्र कुशवाहा, बिहार भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने ब्लू प्रिंट जारी किया। इस बार घोषण पत्र को संकल्प पत्र 2025 नाम दिया गया है।
सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर जोर
एनडीए ने सामाजिक न्याय के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अगुवाई में उच्च स्ततरीय कमेटी बनाने का भी वादा किया। एनडीए के घोषणा पत्र में रोजगार और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर भी जोर है। जिन्हें विपक्ष उठा रहा है। गरीबों के लिए एनडीए ने पंचामृत गारंटी का वादा किया है। बता दें कि पंचामृत गारंटी में गरीबों को मुफ्त राशन, 125 यूनिट मुफ्त बिजली, शामिल है। वहीं पांच लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा का भी वादा किया गया है। घोषणात्र के अनुसार कमजोर वर्ग के लिए 50 लाख नए पक्के मकान तैयार किए जाएंगे।
हर युवा को नौकरी-रोजगार का वादा
घोषणा पत्र में हर युवा को नौकरी और रोजगार का वादा किया गया है। हर जिले में मेगा स्किल सेंटर स्थापित करके बिहार को ग्लोबल स्किलिंग सेंटर के रूप में स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की सहायता राशि दी जाएगी। 1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जाएगा। महिला मिशन करोड़पति' के माध्यम से चिह्नित महिला उद्यमियों को करोड़पति बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। अति पिछड़ा वर्ग के विभिन्न व्यावसायिक समूहों को 10 लाख की सहायता दी जाएगी। सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया जाएगा। यह समिति अति पिछड़ा वर्ग की विभिन्न जातियों के सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन करके उनके सशक्तीकरण के लिए सरकार को सुझााव देगी।
एग्री-इंफ्रास्ट्रक्चर में 1 लाख करोड़ का निवेश
कपूर्री ठाकुर किसान सम्मान निधि की शुरूआत करके किसानों को प्रति वर्ष 3,000 ओर कुल 9,000 करोड़ का लाभ दिया जाएगा। एग्री-इंफ्रास्ट्रक्चर में 1 लाख करोड़ का निवेश किया जाएगा। पंचायत स्तर पर सभी प्रमुख फसलों धान, गेहूं, दलहन, मक्का की एमएसपी पर खरीद की जाएगी। मत्स्य-दुग्ध मिशन योजना से मत्स्य विभाग को उसनके पालक को कुल 9,000 का लाभ दिया जाएगा। बिहार दुग्ध मिशन' की शुरूआत करके हर प्रखंड स्तर पर चिलिंग व प्रोसेसिंग सेंटर्स स्थापित किए जाएंगे। 5 मेगा फूड पार्क स्थापित किए जाएंगे और कृषि निर्यात दोगुना किया जाएगा। इसके अलावा 3030 तक दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता प्राप्त की जाएगी।
नमो रैपिड रेल सेवा का विस्तार
अमृत भारत एक्सप्रेस एवं नमो रैपिड रेल सेवा का विस्तार किया जाएगा।
4 नए शहरों में मेट्रो शुरू की जाएगी। न्यूपटना में ग्रीनफील्ड शहर और प्रमुख शहरों में सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएगी। मां जानकी की जन्मस्थली को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी सीतापुरम के रूप में विकसित किया जाएगा। पटना के समीप ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तथा दरभंगा, पूर्णिया एवं भागलपुर में अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे। साथ विकसित बिहार इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट मास्टर प्लान बनाया जाएगा। प्रत्येक जिले में अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और 10 नए औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे।




