जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। दुनिया की 10 सबसे शक्तिशाली सेनाओं की नई लिस्ट आई है। इस लिस्ट में अमेरिका टॉप पर है। वहीं भारत और चीन की चौंकाने की स्थिति है। इसी तरह बेचारे पाकिस्तान को तो टॉप-10 में जगह ही नहीं मिली।
अरब से लेकर यूरोप तक तनाव
मौजूदा समय में अरब से लेकर यूरोप तक तनाव है। यूक्रेन के बाद नाटो देश पोलैंड की भी रूस से ठन गई है। पोलैंड पर रूस में ड्रोन हमले का आरोप लगा है। वहीं इजरायल पर कतर में एयर स्ट्राइक करने की खबरें आ रही हैं। कतर में अरब और इस्लामी देशों के नेताओं का शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया है। बीते हफ्ते हुए इजरायल के हमले के बाद कतर ने इमरजेंसी समिट बुलाई। समिट में दोहा में हमास नेताओं पर हुए इजरायली हमले का एकजुटता से जवाब देने की कोशिश की गई। इस दौरान मुस्लिम देशों ने इजरायल के कतर पर हमले की कड़ी आलोचना की। साथ ही अरब देशों की एक संयुक्त सेना बनाने या साझा सुरक्षा तंत्र बनाने पर चर्चा हुई। बैठक में मुस्लिम देशों का नाटो जैसा संगठन होने पर जोर दिया गया ताकि भविष्य में इजरायल की आक्रामकता को रोका जा सके।
ग्लोबल फायर पॉवर इंडेक्स
इस तनातनी के बीच ग्लोबल फायर पॉवर इंडेक्स ने 140 देशों की सेनाओं की रैंकिंग जारी की है। रैंकिंग से पता चलता है कि दुनिया की सबसे बड़ी सैन्य ताकत कौन है। ग्लोबल फायर पावर के इंडेक्स में अमेरिका का दबदबा अभी भी बना हुआ है। भारत टॉप-5 में शामिल है तो पाकिस्तान शीर्ष-10 के बाहर है। इंडेक्स में अमेरिका दुनिया की सबसे बड़ी सैन्य ताकत है। अमेरिका रक्षा पर दुनिया में सबसे ज्यादा खर्च करता है। अमेरिका के पास आधुनिक हथियारों का बड़ा जखीरा है। अमेरिकी सेना के नाटो देशों और अरब समेत दुनिया के कई हिस्सों में अपने सैन्य अड्डे भी उसकी मजबूती को दिखाते हैं। अमेरिका के पास परमाणु हथियारों का भी बड़ा जखीरा है।
अमेरिका के बाद रूस का नंबर
ग्लोबल फायर पावर इंडेक्स में अमेरिका के बाद रूस का नंबर है। रूस दुनिया की दूसरी बड़ी सैन्य ताकत है। इसके बाद चीन दुनिया की तीसरी और एशिया में सबसे बड़ी सैन्य ताकत है। चीन के बाद भारत का नंबर आता है। भारत को इस लिस्ट में चौथा नंबर मिला है। पांचवें नंबर पर दक्षिण कोरिया है। टॉप-10 देशों की बात की जाए तो छठें नंबर पर यूके, सातवें पर फ्रांस, आठवें पर जापान, नौवें पर तुर्की और दसवें नंबर पर इटली का है। इसके पहले वाली लिस्ट में पाकिस्तान नौवें नंबर पर था। वह अब 12वें स्थान पर पहुंच गया है। हालिया महीनों में लगातार चर्चा में रहे ईरान को इंडेक्स में 16वां स्थान मिला है। इजरायल का नंबर 15 है। बता दें कि ग्लोबल फायर पावर इंडेक्स सबसे ताकतवर सेनाओं की रैंकिंग को देशों के रक्षा बजट, तकनीक, फौजियों की संख्या और वैश्विक पहुंच के आधार पर तैयार किया जाता है। हालिया वर्षों में दुनियाभर में रक्षा खर्च बढ़ा है। सरकारें सैन्य आधुनिकीकरण में अरबों डॉलर खर्च कर रही हैं। ऐसे में कई देशों ने हालिया वर्षों में तेजी से अपनी रैंकिंग सुधारी है।