ब्रह्मांड की रहस्यमयी दुनिया ने वैज्ञानिकों को चौंकाया

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। ब्रह्मांड की रहस्यमयी दुनिया ने एक बार फिर वैज्ञानिकों को चौंका दिया है। वैज्ञानिकों को ऐसी गैलेक्सी मिली है, जिसमें गुरुत्वाकर्षण का नामोनिशान नहीं है। इस खोज ने अंतरिक्ष विज्ञान में नई बहस और हलचल पैदा कर दी है। खगोल शास्त्रियों ने एक नई गैलेक्सी खोजी है। इसकानाम एफसीसी 224 है। यह कौतुहल पैदा करने वाली गैलेक्सी है। इसने वैज्ञानिकों को चौंका दिया है। इसमें डार्क मैटर के कोई ठोस सबूत नहीं मिले। हबल स्पेस टेलीस्कोप से ली गई तस्वीरों ने इस अल्ट्राडिफ्यूज गैलेक्सी को चर्चा का केंद्र बना दिया है। यह खोज ब्रह्मांड की हमारी समझ को चुनौती देती है। ऐसा इसलिए है क्योंकि गैलेक्सियों को एकजुट रखने वाला गोंद माने वाले डार्क मैटर इसमें नहीं  है। एफसीसी 224 फॉरनैक्स क्लस्टर के किनारे पर है। यह पृथ्वी से 65 मिलियन प्रकाश वर्ष की दूरी पर है। इसकी बनावट और स्थान इसे पहले खोजी गई डार्क मैटर रहित गैलेक्सियों से अलग है। यह संकेत देता है कि ऐसी गैलेक्सियाँ शायद एक नई श्रेणी की हो सकती हैं, जो ब्रह्मांड के रहस्यों को और गहरा रही हैं। एफसीसी-224 में चमकीले स्टार क्लस्टर्स मौजूद हैं। जो आमतौर पर डार्क मैटर वाली बड़ी गैलेक्सियों में पाए जाते हैं। सबसे हैरानी की बात यह है कि इन क्लस्टर्स की गति बहुत धीमी है। केक आब्जर्वेटरी से लिए गए डेटा दिखाते हैं कि इन पर डार्क मैटर का गुरुत्वाकर्षण प्रभाव नहीं है। जिसने वैज्ञानिकों को सोच में डाल दिया है। बता दें कि आस्ट्रेलिया की खगोलशास्त्री मारिया बज्जो और उनकी टीम ने एफसीसी-224 की खोज का नेतृत्व किया था। उन्होंने हवाई की केक आब्जर्वेटरी से स्टार क्लस्टर्स की गति का विश्लेषण किया। उनकी रिसर्च बताती है कि यह गैलेक्सी डार्क मैटर के बिना स्थिर है, जो ब्रह्मांड विज्ञान के मौजूदा मॉडलों को चुनौती देता है।कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के यिमेंग टांग की टीम का मानना है कि एफसीसी 224 दो गैस-समृद्ध गैलेक्सियों की टक्कर से बनी होगी। इस टक्कर में गैस डार्क मैटर से अलग हो गई थी। जिससे डार्क मैटर रहित गैलेक्सी बनी। यह थ्योरी डीएफ-2 और डीएफ-4 जैसी गैलेक्सियों से मेल खाती है जो एनजीसी 1052 ग्रुप में हैं।  दूसरी ओर वैज्ञानिकों  ने एफसीसी 224 की एक जुड़वां गैलेक्सी, एफसीसी 240, भी खोजी है। इसका आकार, आकृति, और दिशा समान है। यह खोज डार्क मैटर रहित गैलेक्सियों के निर्माण को समझने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। एक अन्य संभावना है कि एफ सीसी-224 में कभी तीव्र तारे का निर्माण हुआ होगा। इस दौरान विशाल स्टार क्लस्टर्स ने इतनी ऊर्जा छोड़ी कि डार्क मैटर को गैलेक्सी से बाहर हो गया। यह थ्योरी बताती है कि गैलेक्सी की आंतरिक शक्तियां डार्क मैटर की अनुपस्थिति का कारण हो सकती हैं। मारिया बज्जो का कहना है कि एफसीसी- 224 जैसी गैलेक्सियां डार्क मैटर की भूमिका को समझने के लिए महत्वपूर्ण हैं। जितनी अधिक ऐसी गैलेक्सियाँ मिलेंगी, उतना ही गहराई से हम यह जान सकेंगे कि डार्क मैटर कितना जरूरी है। यह खोज खगोल विज्ञान में नए शोध का रास्ता खोल रही है। बता दें कि पहले से ही नासा और केक आब्जर्वेटरी जैसे संस्थान ऐसी गैलेक्सियों पर अध्ययन कर रहे हैं। यह खोज विज्ञान की दुनिया में एक नया अध्याय शुरू कर सकती है।