दिल्ली में छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, बस चालक व परिचालक गिरफ्तार

जन प्रवाद, ब्यूरो।
दिल्ली। दिल्ली में एक बार फिर से चलती बस में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में राजधानी को शर्मसार कर दिया है। दिल्ली में फिर से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। ग्रेटर नोएडा से दिल्ली के कश्मीरी गेट के बीच चलने वाली एक स्लीपर बस में शर्मसार करने वाली यह घिनौनी वारदात हुई है। इसमें 16 वर्षीय छात्रा के साथ कथित तौर पर चालक और कंडक्टर ने सामूहिक दुष्कर्म किया।


यह घटना 4 अगस्त 2026 की बताई जा रही है। मामले में कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपी चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई बस को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। 


पुलिस के अनुसार पीड़िता मैनपुरी जिले के एक गांव की रहने वाली है। वह वर्तमान में 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही है। छात्रा 3 अगस्त 2026 को अपने घर से बिना बताए निकल गई थी। बताया जा रहा है कि वह पढ़ाई को लेकर मां की डांट से नाराज थी। उसका इरादा नोएडा सेक्टर-63 में रहने वाले अपने चचेरे भाई के घर जाने का था। वह दिल्ली कैसे पहुंची पुलिस इस मामले में गंभीरता से जांच कर रही है।