जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। शिवा शर्मा आत्महत्या मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे को एसटीएफ ने हिरासत में ले लिया है। गुरुवार सुबह लखनऊ लाया गया। मंगलवार को श्रद्धा के साथ ही उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को नागपुर से गिरफ्तार किया गया था। यहां सबसे पहले उसे हजरतगंज थाने में लाया गया। मीडिया के कैमरों से बचाने के लिए गाड़ी से उतारते ही तीनों को खींचते हुए थाने के अंदर लाया गया। तीनों के चेहरे भी पहले ही नकाब और रुमाल से ढंके हुए थे। यहां से अब तीनों को एसटीएफ लखनऊ पुलिस के हवाले करेगी। थाने में पुलिस की पूछताछ के बाद पहले मेडिकल और उसके बाद कोर्ट में पेशी होगी। माना जा रहा है कि शिवा की मौत से जुड़े सबूतों को जुटाने और पूछताछ के लिए तीनों को रिमांड पर भी लिया जा सकता है।

बता दें कि शिवा शर्मा की 9 अक्टूबर को श्रद्धा दुबे के चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैट से नीचे गिरकर मौत हो गई थी। शिवा की मां ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन समेत चार लोगों पर बेटे को नीचे फेंककर हत्या का आरोप लगाया था। एफआईआर दर्ज होते ही श्रद्धा फरार हो गई थी। पुलिस उसके पीछे लगी तो कई सनसनीखेज खुलासे होने लगे। कुछ ऐसे वीडियो और आॅडियो सामने आए जिसने श्रद्धा की कारस्तानियों का खुलासा किया। श्रद्धा की गिरफ्तारी के लिए पहले 25 फिर 50 हजार का इनाम घोषित कर दिया गया। अंतत: 20 अक्टूबर को नागपुर में वह एसटीएफ के हत्थे चढ़ गई।
हजरतगंज पुलिस अब तीनों को अपने हिरासत में लेने के साथ मेडिकल कराएगी। झलकारी बाई हास्पिटल में तीनों के मेडिकल की बात कही जा रही है। वहां से प्रक्रिया पूरी होने पर कोर्ट में पेश किया जाएगा। नागपुर कोर्ट ने 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड दी है। ऐसे में उससे पहले पेश किया जाना जरूरी है। अगर पुलिस कोर्ट में श्रद्धा की कस्टडी मांगती है और उसे मिल जाती है तो कई खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।





