अंकिल बालियान हत्याकांड में शामिल दो शूटर ढेर

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शार्प शूटरों को सोमवार तड़के शामिली पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। औद्योगिक क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में पुलिस ने 50-50 हजार रुपये के इनामी सुमित और मोहित को ढेर किया है। दोनों गोगी गैंग के शूटर बताए जा रहे हैं। मारे गए दोनों ही अभियुक्त सोनीपत के रहने वाले बताए जा रहे हैं।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार अंकित बालियान की हत्या के बाद दोनों शूटर बागपत के रास्ते लोनी की ओर फरार हुए थे। सोमवार सुबह दोनों औद्योगिक क्षेत्र से होते हुए सोनीपत जाने की कोशिश में थे। तभी पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर जाल बिछाया और उन्हें घेर लिया। पुलिस को देखते हुए पहले तो दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन जब अपने आपको घिरा देख दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए दोनों अभियुक्त अंकित हत्याकांड में शामिल थे। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया है। दोनों को 20 से अधिक गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है।


पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकित बालियान की हत्या में चार शूटर शामिल थे। इनमें सुमित और मोहित को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। अब पुलिस सत्यम और आर्यन की तलाश में जुटी है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
अंकित की हत्या के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शूटरों की तलाश तेज कर दी है। जांच में उनके बागपत और लोनी की ओर भागने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीमों ने संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी थी। सोमवार सुबह इसी क्रम में औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस का बदमाशों से आमना-सामना हो गया। इसके बाद हुई मुठभेड़ में दोनों पुलिस की गोलियां का शिकार हो गए। पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है।