15 से फिर बारिश होने की आशंका, तापमान में उतार-चढ़ाव से मौसमी बीमारियां शुरू

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। उत्तर प्रदेश में आज मौसम ठीक रहा। नोएडा, दिल्ली, एनसीआर सहित ज्यादातर जनपदों में धूप निकली। कल भी मौसम इसी तरह का रहने का अनुमान है, जिससे तापमान में वृद्धि होगी। लेकिन, 15 अक्टूबर से मौसम फिर से करवट लेने वाला है। सक्रिय हो रहे नए विक्षोभ के असर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शुरू होने वाला बारिश का दौर 16 और 17 अक्टूबर को मध्य यूपी और अवध होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच सकता है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से 15 से 17 अक्तूबर के दौरान प्रदेश के दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार हैं। बारिश के दौरान पारे में 1 से 2 डिग्री की गिरावट आएगी। सोमवार को आगरा और फतेहपुर जनपद में 34.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। बेमौसम बारिश के कारण गन्ने और धान की फसल खराब हो रही है। हाथरस में शिव मंदिर पर बिजली गिरने से पूजा कर रहे किसान महेश चंद्र दीक्षित और अलीगढ़ में फसल देखने गए किसान ओमवीर सिंह की मौत की भी खबर है। 


बता दें कि बेमौसम हो रही बरसात ने किसानों को संकट में डाल दिया है। किसान इस बारिश से बहुत ही हताश और निराश है। गन्ना की फसल खराब होने से रिकवरी का संकट बढ़ जाएगा। ऐसे में पेराई सत्र एक सप्ताह पीछे हटने का अनुमान है। फसल गिर जाने और तिरछी हो जाने से उत्पादन में भी तीन फीसदी तक गिरावट की आशंका है। वहीं, अलीगढ़ की मंडियों में धान खरीद की धीमी रफ्तार के बीच सोमवार सुबह हुई बारिश ने किसानों और आढ़तियों की चिंता बढ़ा दी है।


उठान नहीं होने से खुले में पड़ा हजारों मीट्रिक टन धान बारिश में भीग गया। खेत, खलिहान, मंडी में करीब 100 करोड़ से अधिक का धान बर्बाद हो गया। इसके साथ ही लगातार मौसम में उतार-चढ़ाव ने मौसमी बीमारियां बढ़ा दी हैं। नोएडा सहित पूरे प्रदेश में इन दिनों वायरल फीवर से लोग परेशान हैं। सोमवार को जहां मौसम में बहुत ज्यादा ठंडक थी, वहीं मंगलवार सुबह से ही तेज धूप से तापमान में वृद्धि हो गई। मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण लोग मौसमी बीमारियों की चपेट में हैं।