प्रताड़ना का शिकार था परिवार ?, पांच मौत मामले में आया नया मोड़

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। इस मामले में मृतक महेश के साले की शिकायत पर उसकी दो बहनों और एक बहनोई के खिलाफ प्रताड़ना के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। 
बता दें कि मौत से पहले महेश के मोबाइल में मिले वॉइस नोट ने मामले में नया मोड़ ला दिया है। आॅडियो में महेश ने अपनी दो बहनों और एक बहनोई को परिवार की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। साले की शिकायत पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लिया है। पोस्टमार्टम में प्वाइजनिंग के संकेत मिले हैं। डॉक्टरों ने विसरा जांच के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह स्पष्ट होगी। 


इस मामले में मृतक महेश के साले ने शिकायत भी दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर महेश की दो बहनों और एक बहनोई के खिलाफ प्रताड़ना के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कथित प्रताड़ना का पांचों मौतों से कोई सीधा संबंध है या नहीं।


बता दें कि घटना वाली रात परिवार मेला देखकर घर लौटा था। इसके बाद घर में नूडल्स और चाय का सेवन किया गया और सभी सोने चले गए। सुबह परिवार के बच्चों को परीक्षा देने जाना था। उन्हें जगाने पहुंचा पड़ोस का एक बच्चा जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर दीवार फांदकर अंदर गया तो पांचों सदस्य अचेत अवस्था में पड़े मिले। इसके बाद पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी गई। 


पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी मौके पर पहुंचकर खाने-पीने की चीजों की जांच की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने शुरुआती जांच के आधार पर फूड पॉइजनिंग की आशंका पर सवाल उठाए हैं। ऐसे में मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट अहम हो गई। इस मामले में ग्रेटर नोएडा के डीसीपी श्रवण कुमार सिंह के मुताबिक पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। अब तीन लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमे के बाद पुलिस कथित पारिवारिक विवाद और प्रताड़ना के आरोपों की भी पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि पांचों की मौत कैसे हुई और इस मामले में दर्ज शिकायत की क्या भूमिका है।