आलू फसल का भुगतान अटका, किसान ने पुलिस से लगाई गुहार

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
अमरोहा, (कपिल चावला)
अमरोहा के गजरौला में आलू की फसल का भुगतान नहीं मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने अर्बन एग्रीगल्ला प्राइवेट लिमिटेड पर करीब 40 हजार रुपये का भुगतान अटकाने का आरोप लगाते हुए गजरौला थाने में शिकायत दी है। किसान का कहना है कि कंपनी को 166 कट्टे आलू सौंपने के बाद भुगतान के लिए कई महीनों से चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक रकम नहीं मिली। किसान ने पुलिस से मामले की जांच कर बकाया भुगतान दिलाने की मांग की है।

मामला गजरौला थाना क्षेत्र का है, जहां किसान जितेंद्र सिंह ने आलू की फसल का भुगतान नहीं मिलने का आरोप लगाया है। किसान के मुताबिक उसने अर्बन एग्रीगल्ला प्राइवेट लिमिटेड के साथ आलू उत्पादन को लेकर समझौता किया था। तय प्रक्रिया के तहत किसान ने अपनी फसल कंपनी को सौंप दी। पीड़ित किसान का आरोप है कि कंपनी की ओर से भुगतान के लिए करीब चार महीने का समय बताया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ। किसान का कहना है कि उसने कंपनी के जिम्मेदार लोगों से कई बार संपर्क किया और हर बार भुगतान का आश्वासन मिला, लेकिन करीब आठ महीने बीतने के बाद भी लगभग 40 हजार रुपये की रकम नहीं मिली।

किसान ने शिकायत में 166 कट्टे आलू और संबंधित रसीदों का भी उल्लेख किया है। अब पीड़ित ने गजरौला पुलिस से मामले की जांच कर बकाया भुगतान दिलाने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, किसान द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। कंपनी या उसके प्रबंधन से जनप्रवाद की ओर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे वार्ता नहीं हो पाई।