जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। दनकौर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस मुठभेड़ में एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी है, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसे गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि दनकौर पुलिस को चेकिंग के दौरान सेक्टर-18 के जंगल में स्थित पॉकेट 5सी पार्क के पास दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। शक होने पर पुलिस पार्टी ने टार्च की मदद से उनको टोका तो उन्होंने भागना शुरू कर दिया। पुलिस ने जब उनका पीछा किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की तो उसके पैर में गोली लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गया। पुलिस ने उसे घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। घायल अभियुक्त की पहचान संजू पुत्र रुक्का निवासी शेखपुर जिला हरियाणा के रूप में हुई है। 
डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रमण कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त संजू के पास से पुलिस ने एक तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, कुछ इंजेक्शन, सीरिंज औजार व अन्य सामग्री बरामद की है। उन्होंने बताया कि 21 जुलाई को थाना दनकौरके सेक्टर-18 में पशुओं के अवशेष मिले थे जिसके संबंध मे थाना दनकौर में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त ने कबूल किया कि पूर्व में गोवध की घटना को अंजाम दिया था। अभियुक्त संजू पर आधा दर्जन से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं जो पूर्व मे भी गोवध के मुकदमों मे जेल जा चुका है। इसके साथ ही फरार अभियुक्त का नाम उसने अशरफ पुत्र हसरत निवासी सिरोली बांगर थाना जेवर गौतमबुद्धनगर बताया गया है।
मुठभेड़ में एक के पैर में लगी गोली, दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
26-Oct-2026





